गोरखपुर में शहीद अशफाक उल्ला खान प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) के खुलने के बाद से अब तक रविवार को सर्वाधिक दर्शक पहुंचे। करीब 13 हजार लोगों के पहुंचने से अब तक सबसे अधिक संख्या में दर्शक पहुंचने का रिकार्ड बन गया। एक दिन में इससे पहले अप्रैल में लगभग दस हजार लोग पहुंचे थे।
प्राणि उद्यान में पूरे दिन दर्शकों की चहलपहल बनी रही। चिड़ियाघर प्रशासन ने बताया कि रविवार को 10992 लोगों ने टिकट खरीदा। छह वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निशुल्क लगता है। प्रबंधन ने बताया कि कुल 13 हजार लोगों ने चिड़ियाघर का लुत्फ उठाया।
डॉ योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि वन्य जीव ठंड के मौसम में बाड़ों से बाहर निकलना पसंद करते हैं। लिहाजा, इन्हें देखने का यह बेहतर मौका है। संभवत: दर्शकों की संख्या इसलिए भी बढ़ रही है। चिड़ियाघर में बब्बर शेर, बंदर, तेंदुआ, मकाऊ, लकड़बग्घा, रंग-बिरंगे पक्षी आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।
मछली घर, सांप घर में भी दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चिड़ियाघर परिसर में प्रवेश का समय निर्धारित कर दिया गया है। चिड़ियाघर प्रशासन ने दर्शकों के लिए कोविड प्रोटोकाल भी अनिवार्य कर दिया है।
लोगों ने फोटो खिंचवाए
निदेशक एच राजामोहन ने बताया कि रविवार को रिकार्ड संख्या में लोग आए थे। कुछ लोगों ने वन्य जीवों की मिट्टी की बनी प्रतिमा पर बैठकर फोटो खिंचवाई। उन्होंने अपील की कि इन पर बैठकर फोटो न खिंचवाएं। हिदायत भी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पिछले पांच दिनों का आंकड़ा
11 दिसंबर- 4856 दर्शक, 12 दिसंबर- 6476 दर्शक, 13 दिसंबर-सोमवार साप्ताहिक बंदी, 14 दिसंबर- 2820 दर्शक, 15 दिसंबर- 3002 दर्शक, 16 दिसंबर- 3021 दर्शक, 17 दिसंबर-2475, 18 दिसंबर- 5142 दर्शक, 19 दिसंबर- 10992 दर्शक।