गोरखपुर रेलवे स्टेशन से मुंबई रवाना हो रही हमसफर एक्सप्रेस (19092) में बम की सूचना पर करीब दो घंटे तक तलाशी ली गई लेकिन बम नहीं मिला। वहीं, गलत सूचना देने के आरोपी मिलन रजक के खिलाफ जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उधर, ट्रेन को बम से उड़ाने से संबंधित सूचना नई दिल्ली से दी गई थी। इसकी सूचना गोरखपुर पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस को दी। खबर लिखे जाने तक ट्वीट करने के संदेह में एक शख्स को नई दिल्ली से हिरासत में लिया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
Gorakhpur: बम की सूचना पर करीब पौने चार घंटे रोकी गई मुंबई हमसफर, गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हमसफर एक्सप्रेस मंगलवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रात 9:30 प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना होनी थी। रात 9:20 बजे ट्विटर से रेलवे को ट्रेन में बम होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया। रेलवे, पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने एक-एक बोगी की तलाशी ली, लेकिन बम नहीं मिला। डाग स्क्वॉड की मदद से रेलवे स्टेशन पर छानबीन की गई। प्लेटफार्म पर जांच पड़ताल के बाद ट्रेन को यार्ड में भेजा गया। बताया गया कि वाशिंग पिट पर ट्रेन के निचले हिस्से की जांच की जाएगी। पूरी तसल्ली के बाद ही ट्रेन मुंबई के लिए रवाना की जाएगी। घटनाक्रम से यात्री दहशतजदा दिखे। हालांकि, उन्हें बता दिया गया था कि यार्ड में जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया जाएगा।
मिलन रजक नामक व्यक्ति ने किए थे तीन ट्वीट
बताया जा रहा है कि मिलन रजक नामक व्यक्ति ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए थे। मिलन ने ट्विटर इंडिया, पीएमओ, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और पूर्व रेल मंत्री पीयूष गोयल को टैग करके लिखा कि कुछ आतंकवादी कह रहे हैं कि गोरखपुर से निकलते ही ट्रेन को बम से उड़ा देंगे। लिहाजा, एक सप्ताह के लिए ट्रेन को निरस्त करके अच्छे से जांच-पड़ताल की जाए। ऐसा नहीं हुआ तो बड़ा हादसा होगा। कृपया मदद कीजिए। ट्रेन निरस्त करा दीजिए।
प्लेटफार्म पर जांच के बाद यार्ड में भेजी गई ट्रेन
बम की सूचना रेलवे कंट्रोल को मिली और गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली हमसफर एक्सप्रेस रोक दी गई। ट्रेन में बम की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। देखते ही देखते गोरखपुर रेलवे स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन व एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई सहित तमाम अफसर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। एक-एक बोगी की छानबीन की गई। कैटरिंग कोच में भी डाक स्क्वॉड के साथ जाया गया। हमसफर एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन है। गोरखपुर से मऊ, वाराणसी, सतना के रास्ते मुंबई जाती है। देर रात तक ट्रेन की वाशिंग पिट में जांच की जा रही।
सीओ जीआरपी ने दिखाई सक्रियता
बम की सूचना मिलते ही आरपीएफ व जीआरपी के सिपाही सक्रिय हो गए। सीओ जीआरपी रचना मिश्रा ने सक्रियता दिखाई और ट्रेन मैनेजर शीतल प्रसाद से संपर्क करके ट्रेन रुकवाई। पूरे मामले की सूचना पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को दी। ट्रेन मैनेजर शीतल प्रसाद ने बताया कि हमसफर एक्सप्रेस समय से रवाना हो गई थी, लेकिन समय से सूचना मिल गई। लिहाजा, ट्रेन रोक दी गई। सतर्कता के लिहाज से ट्रेन यार्ड में लाई गई है। वाशिंग में अच्छे से जांच होगी, फिर मुंबई के लिए रवाना की जाएगी।
पीएमओ और सीएमओ की सक्रियता दिखी
हमसफर एक्सप्रेस में बम की सूचना पर प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय भी सक्रिय रहा। पल-पल की जानकारी ली जाती रही। जब यह बताया गया कि जांच के बाद सब कुछ सामान्य है, तब जाकर सूचना लेने का सिलसिला बंद हुआ है।
पहले भी मिली है बम से उड़ाने की धमकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की सूचना पहले भी मिली है। लश्कर-ए-ताइबा ने भी बम से उड़ाने की धमकी दी थी। मोहम्मद अमीन शेख नामक व्यक्ति ने पत्र लिखा था और खुद को कश्मीर और कराची पाकिस्तान का एरिया कमांडर बताया था। गोरखपुर सहित उत्तर प्रदेश के सात रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। हालांकि, हर बार जांच में कुछ नहीं मिला। बाद में पता चला कि किसी सिरफिरे ने गलत सूचना दी है। 13 सितंबर 2018 को कामर्शियल कंट्रोल रूम में फोन करके रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की सूचना दी गई थी। 26 अक्तूबर 2019 को पत्र भेजकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की सूचना दी गई। 21 अक्तूबर 2021 को भी रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
टाइम लाइन
9:20 बजे रात में ट्विटर से बम होने की जानकारी रेलवे को मिली।
9:22 बजे रात में जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी गई।
9:28 बजे रात में ट्रेन मैनेजर शीतल प्रसाद को सीओ जीआरपी रचना मिश्रा ने वाकी टाकी पर ट्रेन रोकने की सूचना दी।
9:35 बजे एसपी जीआरपी अभिषेक और सीओ रचना मिश्रा फोर्स के साथ ट्रेन की चेकिंग शुरू कर दी।
10:50 बजे रात में जांच पूरी करने के बाद रेलवे को यार्ड में गाड़ी ले जाने की सूचना दे दी गई।
10:53 बजे रात में अलाउंस किया गया कि यात्री अपनी जगह पर ट्रेन में बैठे रहें, गाड़ी को यार्ड में ले जाया जा रहा है।
11:26 बजे रात में गाड़ी को यार्ड में ले जाया गया और के निचले हिस्से में चेकिंग शुरू की गई।