उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थियों को रविवार को भी तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो पालियों में परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों से आए 44 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को घर वापसी के लिए ट्रेनों और बसों में धक्के खाने पड़े। घंटों इंतजार और धक्कामुक्की के बीच किसी तरह ट्रेन और बस में चढ़ पाए। चौरीचौरा, वैशाली और कुशीनगर एक्सप्रेस में हंगामा भी हुआ। कुछ लोगों को चोट भी आईं।
गोरखपुर: चौरीचौरा, वैशाली और कुशीनगर एक्सप्रेस में हंगामा, तस्वीरों में देखें पूरा हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के लिए जिले में दूसरे दिन 67 केंद्र बनाए गए थे। दो पालियों में 44,557 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा खत्म होने के बाद रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। थोड़ी देर में वैशाली एक्सप्रेस आई तो अभ्यर्थियों के साथ आए उनके परिवार के लोग भी चढ़ गए। कुछ बोगियों में यात्रियों और अभ्यर्थियों में कहासुनी हुई। तमाम अभ्यर्थी खिड़की के रास्ते ट्रेन में चढ़ते नजर आए।
इससे पहले छात्र स्पेशल जैसे ही प्लेटफार्म पर खड़ी हुई, अभ्यर्थियों में सीट पाने के लिए होड़ मच गई। कई अभ्यर्थी गार्ड की बोगियों में सवार हो गए। विरोध करने पर बहस भी हुई। हालांकि, जीआरपी के जवान छात्र स्पेशल और चौरीचौरा ट्रेन जाने तक डटे रहे। इस वजह से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि छात्र स्पेशल और चौरीचौरा एक्सप्रेस की हर बोगी में जीआरपी के जवान लगाए गए थे।
रोडवेज की तैयारी फेल
प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) के अंतिम दिन रविवार को परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ रोडवेज बस स्टेशन पर उमड़ पड़ी। बस्ती, बलिया, मऊ, देवरिया, कुशीनगर आदि रूटों पर जाने वाली बसों में सबसे अधिक भीड़ नजर आई। रोडवेज प्रशासन के इंतजाम भीड़ के आगे नाकाफी नजर आए।
रविवार शाम पांच बजे जैसे ही परीक्षा खत्म हुई। अभ्यर्थियों की भीड़ रेलवे बस स्टेशन की ओर कूच कर गई। बसों में चढ़ने के लिए इस कदर होड़ मच गई कि अभ्यर्थी खिड़कियों से बस में घुसते देखे गए। कई अभ्यर्थियों को हल्की चोटें भी आईं। हालांकि अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज प्रशासन की ओर से बस स्टेशन पर कर्मचारी तैनात किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। देर रात तक अभ्यर्थी गंतव्य तक पहुंचने के लिए संकटों से जूझते नजर आए।
छात्रों ने क्या कहा
बस पकड़ने के लिए बस स्टेशन पहुंचा तो यहां पर काफी भीड़ थी। बस में बैठने को लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। - आकाश, अभ्यर्थी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद घर जाने की जल्दी थी इसलिए बस स्टेशन पहुंचा। दो घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं। बस नहीं मिलने की वजह से दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्रशासन की व्यवस्था ठीक नहीं थी। - अनिकेत, अभ्यर्थी।
अमृतसर-कटिहार पूजा विशेष गाड़ी के दो फेरे बढ़ाए
रेलवे प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए 04680/04679 अमृतसर-कटिहार-अमृतसर पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 22 एवं 27 अक्तूबर को करने का फैसला लिया है। वहीं, अमृतसर पूजा एक्सप्रेस को 23 एवं 28 अक्तूबर को कटिहार से दो फेरों के लिए किया है। गाड़ी संख्या 04680 अमृतसर-कटिहार पूजा विशेष गाड़ी 27अक्तूबर को अमृतसर से 08.10 बजे चलेगी, जो दूसरे दिन 04.55 गोरखपुर पहुंचेगी। यही गाड़ी वापसी में 23 और 28 अक्तूबर को गोरखपुर से 07.20 बजे से चलेगी। यह जानकारी सीपीआरओ पकंज कुमार सिंह ने दी।