खेलों में चमक बिखेरनी वाली बेटियों ने जिले का मान बढ़ाया है। एक तरफ जहां डेफलंपिक्स में अपनी प्रतिभाग का लोहा मनवाने वाली आदित्या यादव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाबाशी देंगे, वहीं, दो और बेटियों रिया त्रिपाठी और समीक्षा सिंह का चयन वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इससे खिलाड़ी उत्साहित हैं। कोच गदगद हैं। सबका कहना है कि बेटियां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फलक पर गोरखपुर का मान-सम्मान बढ़ाएंगी।
गोरखपुर की बेटियों ने बढ़ाया मान: आदित्या को पीएम मोदी देंगे सम्मान, रिया-समीक्षा वॉलीबॉल में दिखाएंगी कमाल
डेफलांपिक्स में अपनी प्रतिभाग का लोहा मनवाने वाली आदित्या यादव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाबाशी देंगे, वहीं, दो और बेटियों रिया त्रिपाठी और समीक्षा सिंह का चयन वॉलीबाल चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आदित्या कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 20 मई को ही दिल्ली पहुंच जाएंगी। आदित्या के पिता और कोच दिग्विजयनाथ यादव ने बताया कि फोन पर सूचना मिलने के बाद से पूरा परिवार उत्साहित है। डेफलंपिक्स की बैडमिंटन प्रतियोगिता में आठ भारतीय खिलाड़ियों ने साझा प्रयास से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। इसमें आदित्या यादव का भी अहम योगदान था। आदित्या ने सिंगल्स, डबल्स और मिक्स डबल्स में भी प्रतिभाग किया था। सिंगल्स और मिक्स डबल्स में वह प्री क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं।
आदित्या पर पुरस्कार की बौछार
अलग-अलग संगठनों और खेल प्रेमियों की ओर से अब तक करीब पौन तीन लाख रुपये पुरस्कार आदित्या को दिए जाने की घोषणा की जा चुकी है। महराजगंज बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने एक लाख रुपये, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के मंकेश्वरनाथ पांडेय, लेविंस एकेडमी के रेमी चन्द्रा और जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष राजित श्रीवास्तव की ओर से 51-51 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा की गई है। लेविन चन्द्रा ने 25 हजार रुपये का रैकेट देने की भी घोषणा की है।
वॉलीबॉल : प्रदेश टीम के लिए चुनी गईं रिया और समीक्षा
हरियाणा के पंचकूला में 3-7 जून तक आयोजित राष्ट्रीय खेलो इंडिया यूथ गेम्स की वॉलीबाॅल चैंपियनशिप में गोरखपुर की रिया त्रिपाठी और समीक्षा सिंह भी अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरेंगी। दोनों खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है।
रिया और समीक्षा गोरखपुर के रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच सृजन त्रिपाठी से प्रशिक्षण ले रही हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, एनईआर के स्पोर्ट्स अफसर चंद्रविजय सिंह, उपक्रीड़ाधिकारी आजाद सिंह, जिला वॉलीबाल संघ के कोषाध्यक्ष श्रीकुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव अजय राय, रवींद्र दुबे, रमेश रराय, संदीप पुंडीर, बास्केटबॉल अनील तिवारी, नफीस अहमद, राजू, कर्मवीर सिंह, अजय सिंह, रेखा यादव, राम नवल शाही, संकटा सिंह आदि लोगों ने बधाई दी है।
जूनियर नेशनल एवं यूथ नेशनल गेम्स में यूपी का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं रिया
जिला वॉलीबाॅल संघ के सचिव बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि मूलरूप से आंबेडकरनगर जिले के गांव पटोहा गानेपुर निवासी रिया त्रिपाठी के पिता विपिन तिवारी बहराइच के चिलवरिया चीनी मील में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत हैं।
रिया ने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई श्रीराम कुमार भानी इंटर कॉलेज से की है। फिलहाल वो बहराइच से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। चार भाई बहनों में रिया सबसे छोटी हैं। उनसे बड़े सचिन, सुजल और कशिश त्रिपाठी हैं। पिता विपिन तिवारी ने बताया कि रिया सात साल से वॉलीबॉल खेल रहीं हैं। बहराइच में पढ़ाई के दौरान स्कूल कोच संतोष ने उनमें वॉलीबॉल के प्रति ललक जगाई। रिया इसी वर्ष जूनियर नेशनल एवं यूथ नेशनल गेम्स में उत्तर प्रदेश वालीबाॅल टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है ।
समीक्षा सिंह इसके पूर्व मिनी नेशनल स्कूल अंडर-14 में यूपी का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। समीक्षा सिंह की उपलब्धियों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। गगहा के ऊजरपार की रहने वाली समीक्षा के पिता राजेश सिंह व्यवसायी हैं। मां अंजू सिंह ने हमेशा बिटिया का उत्साहवर्धन किया है। समीक्षा वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा दी है। वह दो साल से स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रही हैं।