गोरखपुर में शुक्रवार को सुबह से चल रहे धूप-छांव के खेल के बीच दोपहर बाद बादलों ने आसमान स्याह कर दिया और करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। यह सिलसिला शाम तक बूंदाबांदी के रूप से चलता रहा। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने लोगों को लंबे इंतजार के बाद उमस भरी गर्मी से राहत दी। हालांकि इस दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव भी हो गया, लेकिन, एक से डेढ़ घंटे के बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
Gorakhpur Rain: गोरखपुर में बादलों ने स्याह किया आसमान, झमाझम बरसे
सामान्य तौर पर जुलाई में 383.4 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन इस बार मात्र 189.4 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, अगस्त में सामान्य तौर पर 339.5 मिलीमीटर बारिश होती है।
मूसलाधार बारिश की वजह से रुस्तमपुर, महुई सुघरपुर, दाउदपुर, आजादनगर पूर्वी, बुद्धविहार पार्ट सी, बुद्धविहार पार्ट बी, सिद्धार्थनगर, गोलघर, रेतीरोड, गीताप्रेस रोड, धर्मशाला ओवरब्रिज, राप्ती कॉम्प्लेक्स असुरन आदि जगहों पर पानी भर गया। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारी चोक नालियों को साफ करने में लगे रहे।
आज भी छाए बादल
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन गोरखपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसका पूर्वी सिरा गोरखपुर के ऊपर तक फैला हुआ है। इसकी वजह से शुक्रवार को बारिश हुई है। शनिवार को भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है। इसके अलावा 25 अगस्त को भी गोरखपुर एवं आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है।
