किडनी का कैंसर, वैश्विक स्तर पर बढ़ती गंभीर और जानलेवा स्वास्थ्य समस्या है। अमेरिकन कैंसर सोसायटी के साल 2023 के अनुमान के मुताबिक अमेरिका में 81,800 नए मामले (पुरुषों में 52,360 और महिलाओं में 29,440) सामने आए। इतना ही नहीं किडनी कैंसर के कारण 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। दुनियाभर में ये कैंसर हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण भी बनता है।
Kidney Cancer: क्यों होता है किडनी में कैंसर, महिला या पुरुष किसे ज्यादा खतरा? यहां जानिए सबकुछ विस्तार से
किडनी का कैंसर किसी भी उम्र या लिंग वालो को हो सकता है। इसके मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आइए जानते हैं कि किडनी कैंसर के कारण क्या हैं?
किडनी का कैंसर सिर्फ बुजुर्गों को होता है?
यह सही है कि किडनी के कैंसर का खतरा बुजुर्गों में अधिक देखा जाता रहा है पर हालांकि यह कम उम्र वालों को भी हो सकता है।
- अध्ययनों से पता चलता है कि युवा आबादी में 50 से कम आयु वाले एक तिहाई लोगों में इसका खतरा हो सकता है।
- खराब जीवनशैली और अल्कोहल की आदत, कैंसर की फैमिली हिस्ट्री या फिर किडनी की पहले से ही रही कुछ बीमारियों के कारण युवा भी इसके शिकार हो सकते हैं।
अल्कोहल से सिर्फ लिवर कैंसर होता है किडनी का नहीं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ, किडनी और लिवर दोनों के लिए अल्कोहल को खतरनाक मानते हैं। शराब का सेवन करने से पूरे शरीर पर इसके गंभीर दुष्प्रभाव देखे जा सकते हैं। अल्कोहल की ही तरह धूम्रपान भी किडनी कैंसर के विकास के जोखिम को दोगुना कर देता है। सिर्फ यही दो आदतें पुरुषों में किडनी में कैंसर के लगभग 30% और महिलाओं में लगभग 25% का कारण बनती हैं।
पेशाब की जांच के माध्यम से शरीर की कई समस्याओं का आसानी से पता लगाना आसान हो जाता है। पेशाब के रंगों के आधार पर भी बीमारियों का निदान किया जा सकता है।
- अगर आपके पेशाब में खून जैसा दिख रहा है तो इसपर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। हालांकि पेशाब से खून आने का मतलब हर बार कैंसर नहीं होता है।
- मूत्र पथ के संक्रमण (यूटीआई) जैसी बीमारियों में भी यह दिक्कत हो सकती है।
- हालांकि अगर बरगंडी कलर में कुछ दिनों से पेशाब हो रहा हो तो इसकी जांच जरूर कराएं।
महिलाओं को किडनी कैंसर होने का अधिक खतरा होता है?
किडनी का कैंसर किसी भी उम्र या लिंग वालों को हो सकता है। हालांकि पुरुषों में महिलाओं की तुलना में इसका जोखिम लगभग दोगुना होता है।
- धूम्रपान और कार्यस्थल पर कैंसर पैदा करने वाले विषाक्त पदार्थों के संपर्क में आने के कारण इसका खतरा अधिक हो सकता है।
- जिन महिलाओं को बार-बार यूटीआई या योनि संक्रमण होता रहता है उन्हें डॉक्टर से मिलकर किडनी की सेहत की जांच जरूर कराते रहना चाहिए।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।