फिल्मी रामलीला में किरदार निभाने वाले कई कलाकार पहली बार अयोध्या आए हैं। इन्हें पहली बार में ही अयोध्या की धार्मिक आभा भा गई है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में उनके ही जीवन की गाथा को प्रस्तुत करने पहुंचे कलाकारों से बात हुई तो सभी अयोध्या की आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत व प्रभावित नजर आए।
रामलीला के लिए अयोध्या पहुंचे कलाकार बोले- मंदिर बनने के बाद ताजमहल से ज्यादा पर्यटक अयोध्या आएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भगवान श्रीराम की तरह पुरुषोत्तम बनने का करें प्रयास: सोनू
भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले अभिनेता सोनू डागर पहली बार अयोध्या आए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले वह वृंदावन सहित अन्य धर्मनगरियों में जा चुके हैं लेकिन अयोध्या की धार्मिक आभा कहीं ज्यादा प्रभावित करती है। सोनू यूपी के हापुड़ के रहने वाले हैं।
उन्होंने अभिनय की शुरुआत शक्ति अस्तित्व का अहसास सीरियल से की। इसके अलावा वे विघ्नहर्ता गणेश व जय कन्हैयालाल जैसे धार्मिक धारावाहिकों में भी भूमिका निभा चुके हैं। वह पहली बार रामलीला का मंचन करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राम की धरती पर राम का किरदार निभाने का मौका मिल रहा है सही मायने में यह जीवन की धन्यता है। कहा कि इस किरदार को जीवंत करने के लिए वे तीन महीने से रिहर्सल कर रहे हैं। पूरे 370 पेज की स्क्रिप्ट पर दिन-रात काम किया है। उन्होंने कहा कि सभी को बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाना चाहिए और भगवान श्रीराम की तरह पुरुषोत्तम बनने का प्रयास करना चाहिए।
सोचा नहीं था अयोध्या में करेंगे रामलीला: कविता
अयोध्या की रामलीला में माता सीता का रोल कर रहीं कविता जोशी ने कहा कि कभी सोचा भी नहीं था कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर रामलीला करने का मौका मिलेगा। कविता उत्तराखंड के रुद्रपुर की रहने वाली हैं। वे करीब 30 हरियाणवी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। साथ ही 40 से ज्यादा एलबम में भी एक्टिंग कर चुकी हैं।
क्राइम पेट्रोल सीरियल में भी उन्होंने कई किरदार निभाएं हैं। कविता ने कहा कि रामलीला में माता सीता का किरदार निभाना किसी चुनौती से कम नहीं है। माता सीता के किरदार को स्टेज पर जीवंत करने का पूरा प्रयास करूंगी। बताया कि इस किरदार के लिए वे दिल्ली में तीन माह से रिहर्सल कर रहीं थीं।
रामलीला में त्रिजटा का रोल कर रहीं गाजियाबाद की रेनू बिसेंट ने कहा कि वह पहली बार रामलीला करने जा रही हैं। रामलीला से ही वह एक्टिंग में कदम रख रही हैं। कहा कि पहली बार कैमरा फेस करने का अवसर मिला है, अच्छा लग रहा है। यह सोच कर मन प्रसन्न हो रहा है कि एक्टिंग की शुरुआत भगवान श्रीराम की धरती से हो रही है।
कहा कि अयोध्या आने का मन बचपन से ही करता रहा है, लेकिन इस तरह आने का मौका मिलेगा ऐसी कभी कल्पना भी नहीं की थी। अयोध्या की धार्मिक एवं आध्यात्मिक दुनिया मन को अत्यंत ही सुकून देती है।
अयोध्या में रामलीला मंचन को लेकर उत्साहित हैं कलाकार
लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे अभिनेता लवकेश ने कहा कि रामनगरी में रामलीला मंचन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। सरयू तट से होने वाली रामलीला मंचन को भव्य बनाने का हम पूरा प्रयास करेंगे।
लक्ष्मण के रोल में भातृ प्रेम का संदेश देने की भरपूर कोशिश होगी। सूर्पणखा का रोल करने वाली प्रियंका शर्मा भी अयोध्या की रामलीला को लेकर उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा कि पहली बार अयोध्या आने का मौका मिला है। एक्टिंग का यह सबसे बेहतरीन अवसर है जब राम की गाथा के मंचन में किरदार निभाने जा रही हूं।