उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के रमाला थाना में कुछ लोगों ने दरोगा के साथ मारपीट कर दी। लोगों ने दरोगा से मारपीट करते हुए युवक को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान दरोगा को चोट आई और वर्दी भी फट गई।
यूपी में सुरक्षित नहीं पुलिस वाले: थाने में दरोगा के साथ मारपीट, वर्दी भी फाड़ी, देखिए तस्वीरें
ये था मामला
रमाला थाना क्षेत्र के हसनपुर जिवाना गांव में रविवार रात तेज रफ्तार में बाइक चलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद पुलिस ने बाइक चलाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
हसनपुर जिवाना गांव में रविवार रात सुरेंद्र पुत्र रतन सिंह का अंकित पुत्र रमेश के साथ तेज रफ्तार में बाइक चलाने को लेकर झगड़ा हो गया था। सुरेंद्र ने थाने पहुंचकर अंकित के खिलाफ तहरीर दी। इसी बीच अंकित भी अपने पक्ष के लोगों के साथ थाने पहुंच गया। पुलिस ने अंकित को हिरासत में ले लिया, जिस पर उसके पक्ष के लोग भड़क गए। आरोप है कि इन लोगों ने दरोगा राजीव कुमार के साथ मारपीट की और अंकित को छुड़ाने का प्रयास किया। इस बीच दरोगा को चोट लग गई और उनकी वर्दी भी फट गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीचबचाव कराया।
पुलिस ने अंकित, सचिन उर्फ संदीप और संजीव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। दरोगा योगेश कुमार की ओर से गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों के अलावा सुनील, सोमदत्त, सुरेशपाल, जितेंद्र उर्फ बाबूराम, धीरज, दिनेश, राजकुमार, रमेशचंद, विजेंद्र और सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरार आरोपियों को पुलिस तलाश कर रही है।
आरोपी पक्ष ने लगाया वोट के लिए मारपीट करने का आरोप
अंकित पक्ष के लोग सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। अंकित के पिता ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके पुत्र को रोककर बाइक तेज रफ्तार में चलाने के लिए टोका था। फिर अपने पक्ष में वोट डालने को कहा। विरोध करने पर अंकित के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि जब वह थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट लिखने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी ने सीओ बड़ौत आलोक सिंह को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।