मेरठ के दिल्ली रोड स्थित हरीश प्लाइवुड पर 72 घंटे चले सर्च ऑपरेशन में आयकर की टीम को अहम दस्तावेज मिले हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक करोड़ रुपये नकद और 80 लाख रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी का कोई हिसाब-किताब नहीं मिल सका है।
मेरठ: 72 घंटे चला तलाशी अभियान, हरीश प्लाइवुड पर दो साल से थी आयकर की नजर, मिले अहम दस्तावेज
गुरुवार रात दस बजे सर्च ऑपरेशन पूरा हो गया। मेरठ की टीम का नेतृत्व स्वयं आयकर निदेशक राजीव प्रसाद ने किया। मेरठ में आयकर की तीन टीमों में शामिल 30 अधिकारी और 35 पुलिसकर्मी 12 गाड़ियों में एक साथ हरीश प्लाइवुड के सभी ठिकानों पर पहुंचे।
विभाग के आंकलन के अनुसार 8 मार्च की शाम 5 बजे तक लगभग एक करोड़ कैश और ज्वेलरी बरामद कर ली गई थी। टीम मुख्य रुप से शोरूम, गोदाम में स्टॉक की जांच में लगी रही। पुलिस की मौजूदगी में दिन रात रेड जारी रही। 10 मार्च दोपहर तक विभाग के द्वारा सभी आवश्यक कार्य पूूर्ण हो गया। रात्रि 11 बजे कागजी कार्यवाई पूर्ण होने पर रेड समाप्त कर दी गई।
स्टॉक का नहीं दे पाए रिकॉर्ड
हरीश प्लाइवुड संचालक विभागीय अधिकारियों को लाखों के स्टॉक का ब्यौरा नहीं दे पाए। विभागीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक खाते, प्रोपर्टी की खरीद के आए कैश का सोर्स, बरामद कैश और बरामद ज्वैलरी का भी ब्यौरा देने में वह असमर्थ रहे।
पूरे होमवर्क से आई टीम
आयकर अधिकारी हरीश प्लाइवुड की खरीद, बिक्री और बैंक लेनदेन पर दो साल से नजर रखे हुए थे। घर और परिवार के संपूर्ण कारोबार की जानकारी प्रतिदिन जुटाई जा रही थी। रिटर्न फाइलिंग और मुनाफे का भी बीते वर्षों का आंकड़ा निकाला गया।