रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में दीवार गिरने से तालाब में समाए परिवार की दो मासूम बेटियों आफिया (6) और फलक (4) की मौत के बाद दोनों को बच्छाव कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पिता अय्युद्दीन उर्फ कल्लू, दादा सेराजुद्दीन और दादी सरवरी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
2 of 5
बच्चियों की माैत के बाद बिलखता परिवार।
- फोटो : संवाद
गांव और रिश्तेदारों ने दोनों बच्चियों को मिट्टी दी। दोनों बेटियों को खोने वाली मां तबस्सुम का दर्द अंतिम विदाई के दौरान छलक पड़ा। वह रोते हुए बार-बार कह रही थी, साहब, अब कबहूं ना जाइब ओ घरे। हमार बिटिया मर गइल, कइसे रहब हम उहां। हमार त घर उजड़ गइल। जहां हमार आंखिन के सामने हमार बच्चिन के जान चल गइल, उहां कइसे रही। तालाब की ओर ताकते ही उ घटना याद आ जाला।
3 of 5
इसी जगह सोया था परिवार।
- फोटो : संवाद
मां की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बेटियों की मौत के बाद तबस्सुम ने उस घर में वापस नहीं लौटने का फैसला किया है। वह अपनी आठ वर्षीय बेटी रोशनी और पांच माह के बेटे को लेकर मायके बच्छाव चली गई है। फिलहाल वह पिता मोहम्मद शरीफ के घर पर रह रही है। पांच माह का बेटा ठीक है। उधर, परिवार में दो दिन से चूल्हा नहीं जला है। घर में हर तरफ मातम पसरा हुआ है।
4 of 5
दो मासूम बेटियों की मौत से मां तबस्सुम के नहीं रुक रहे आंसू।
- फोटो : संवाद
दरअसल, रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में तालाब किनारे बने मकान की दीवार गिरने से पूरा परिवार तालाब में समा गया था। गहरे पानी में डूबने से आफिया और फलक की जान चली गई। एनडीआरएफ की टीम ने सात घंटे बाद दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले थे। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन दोनों के शव लेकर गांव पहुंचे और कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया।
5 of 5
सेराजुद्दीन ने तालाब में कूदकर बेटा, बहू और बच्चियो को बाहर निकाला।
- फोटो : संवाद
पोतियों को नहीं बचा पाने का दादा को मलाल
दोनों पोतियों को खोने का गम दादा सेराजुद्दीन को भीतर तक तोड़ गया है। उन्हें इस बात का मलाल है कि लाख कोशिशों के बावजूद वह अपनी दोनों पोतियों को नहीं बचा सके। दादी सरवरी भी सदमे में बेसुध थीं। पिता अय्युद्दीन उर्फ कल्लू समेत परिवार के अन्य सदस्यों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। गांव के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढाढ़स बंधाते रहे, लेकिन दो मासूम बेटियों को खोने का दर्द हर किसी की आंखों में दिखाई दे रहा था।