सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Mohali News ›   Tubewell main wire stolen, drinking water supply to thousands of families disrupted

Mohali News: ट्यूबवेल की मेन वायर चोरी, हजारों परिवारों की पेयजल सप्लाई ठप

Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 07 Apr 2026 02:41 AM IST
विज्ञापन
Tubewell main wire stolen, drinking water supply to thousands of families disrupted
विज्ञापन
जीरकपुर। बलटाना के सैनी विहार फेज-3 के पार्क में लगे सरकारी ट्यूबवेल से रविवार रात चोरों ने मेन बिजली की वायर चोरी कर ली। इस वारदात के चलते सैनी विहार फेज-3 और साथ लगते विवेक विहार इलाके में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई, जिससे दो से ढाई हजार परिवार पानी के लिए दिनभर परेशान रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अज्ञात चोर ट्यूबवेल परिसर में घुसे और मोटर को सप्लाई देने वाली मुख्य बिजली की तार काटकर अपने साथ ले गए। सुबह जब रोजाना की तरह पानी नहीं आया तो लोगों को शक हुआ। मौके पर जाकर देखा गया तो ट्यूबवेल की मेन वायर गायब मिली।
Trending Videos

स्थानीय निवासी दीपक नेगी ने बताया कि पानी की सप्लाई बंद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों को घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, जबकि बुजुर्गों और छोटे बच्चों वाले परिवारों की परेशानी और बढ़ गई। घटना के बाद लोगों में प्रशासन और नगर परिषद के प्रति रोष देखने को मिला। बसंत लाल, रीमा देवी, कुशम लता और दीपक नेगी समेत सीमा देवी ने ट्यूबवेल जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को चोरों के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। जिससे कि फिर से चोर ऐसी हरकत न करें। निवासियों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और ट्यूबवेल परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मचारियों को अवगत कराया है। विभाग की ओर से जल्द नई वायर डालकर ट्यूबवेल चालू करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

गर्मियों से पहले क्यों बढ़ जाती हैं तार चोरी की घटनाएं
गर्मी आने से पहले बिजली की तारों, खासकर ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर से जुड़ी वायर चोरी की घटनाएं अचानक बढ़ जाती हैं। इन तारों में इस्तेमाल होने वाला तांबा बाजार में महंगे दामों पर बिकता है, जिससे चोरों को तुरंत मुनाफा मिल जाता है। अधिकतर ट्यूबवेल सुनसान स्थानों- पार्क या खाली प्लॉट में लगे होते हैं, जहां रात के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते। कई बार चोर पहले इलाके की रेकी करते हैं और बिजली कटौती के दौरान वारदात को अंजाम देते हैं। यह घटनाएं सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में कमी की ओर इशारा करती हैं।

पानी सप्लाई ठप, टैंकर मंगवाने को मजबूर हुए लोग
ट्यूबवेल की मेन वायर चोरी होने के बाद पानी की सप्लाई बंद होते ही सैनी विहार फेज-3 और विवेक विहार के लोगों की परेशानी बढ़ गई। गर्मी के बीच पानी की किल्लत से हालात और बिगड़ गए। मजबूरी में कई परिवारों को निजी खर्च पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़े, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा। सुबह से ही लोग पानी के लिए भटकते नजर आए और दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, ऐसे समय में सप्लाई बंद होना प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है।



हमने ट्यूबवेल की तार चोरी होने की जानकारी नगर परिषद के कर्मचारियों को दे दी है। पुलिस में शिकायत नगर परिषद कराएगा।- कुलदीप सिंह ठेकेदार
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed