हिमाचल: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, नाले में गिरने से दो युवकों की मौत
पतलीकूहल के समीप मंगलवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक पुल से नीचे बड़ाग्रां नाले में जा गिरे और उनकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतलीकूहल के समीप मंगलवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक पुल से नीचे बड़ाग्रां नाले में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक राजस्थान और दूसरा पंजाब का युवक है। ये दोनों कुल्लू में मजदूरी करते थे। इन दिनों सेब की पैकेजिंग का कार्य कर रहे थे। देर रात राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शव बरामद किए। देर रात अंधेरा होने के कारण काफी देर तक हादसे का किसी को पता नहीं चला। इसके बाद बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने मित्र विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे उन्होंने पुल के पास एक बाइक (एचपी34ई-6538) सड़क पर गिरी देखी।
संदेह होने पर दोनों ने मोबाइल की रोशनी से नीचे नाले में देखा तो एक व्यक्ति पानी में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। पहले एक युवक और फिर कुछ दूरी पर दूसरा युवक नाले से बरामद हुआ। बाइक चालक की पहचान कृपा राम (30) पुत्र जेठा राम निवासी समदड़ी, जिला बालोतरा, राजस्थान के रूप में हुई। वहीं, सवार विक्रम (24), निवासी पंजकोसी, जिला फजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत एफआईआर दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कुमारहट्टी के गहरी खाई में गिरी कार, एजी ऑफिस शिमला के दो कर्मी घायल
कुमारहट्टी-सोलन बाइपास पर बुधवार शाम करीब 6:00 बजे एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एजी ऑफिस शिमला के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि जिस समय हादसा हुआ तो उनके पीछे से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी नाहन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना को देखते ही उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया, राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और एक गंभीर रूप से घायल एक युवक को अपनी गाड़ी में बिठाकर बिना समय गंवाए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। वहीं रास्ते से उन्होंने स्थानीय मंडल अध्यक्ष को बोलकर डॉक्टरों को भी अलर्ट करवाया। वहीं सोलन अस्पताल पहुंचते ही घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका। हालांकि दूसरे घायल को लगभग आधे घंटे बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया। उधर, डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हादसा काफी भयानक था। जैसे ही उन्होंने देखा तो स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुल से नीचे खड्ड में गिरा ट्रैक्टर, एक की मौत, दो घायल
वहीं शाहतलाई क्षेत्र में बुधवार को पानी का टैंकर ले जा रहा एक ट्रैक्टर पुल से खड्ड में गिर गया। एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना तलाई को सूचना मिली कि सरयाली खड्ड पुल के नीचे एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। ट्रैक्टर में चालक सहित तीन लोग सवार थे। शाहतलाई से टैंकर में पानी भरकर अपने क्षेत्र की ओर लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर सरयाली खड्ड पुल पर पहुंचा चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर पुल से सीधे नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया। रणजीत सिंह पुत्र अनंत राम निवासी गांव वलू डाकघर सठवीं जिला हमीरपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक सुनील कुमार निवासी घुमारपुर और गुलजार निवासी वार्ड-7 सेऊ तलाई घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार बड़सर अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस थाना तलाई में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। घायलों का बड़सर अस्पताल में उपचार चल रहा है।