{"_id":"69cbe0e1939c3aba67024f38","slug":"friends-kill-friend-at-a-liquor-party-in-bulandshahr-2026-03-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुलंदशहर में बर्बरता: शराब पार्टी में दोस्त का गला घोंटा, फिर सिर और चेहरा कूचा, बाद में शव गड्ढे में दबाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुलंदशहर में बर्बरता: शराब पार्टी में दोस्त का गला घोंटा, फिर सिर और चेहरा कूचा, बाद में शव गड्ढे में दबाया
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: Akash Dubey
Updated Tue, 31 Mar 2026 08:31 PM IST
विज्ञापन
सार
देवीपुरा के साक्षर कौशिक (चौबीस) की दोस्तों ने शराब पार्टी में विवाद के बाद हत्या कर दी। गला दबाकर व ईंट से सिर कूचकर शव बिलसूरी में दबाया। पुलिस ने आरोपी देवेश को पकड़ा।
साक्षर कौशिक की फाइल फोटो और मौके पर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में सोमवार शाम से लापता 24 वर्षीय युवक साक्षर कौशिक की हत्या कर दी गई है। तलाश के दौरान सामने आया कि दोस्तों ने ही एक विवाद के बाद पहले उसका गला दबाया और फिर ईंट से सिर व चेहरा कूचकर उसे मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के बिलसूरी में एक गड्ढे में दबा दिया था। पुलिस ने एक आरोपी देवेश निवासी देवीपुरा को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। शव मिलने के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
Trending Videos
नगर के मोहल्ला देवीपुरा निवासी साक्षर कौशिक (24) सोमवार देर शाम अपने घर से निकला था। परिजनों के अनुसार, वह सोमवार शाम मोहल्ले के ही अपने दोस्त देवेश और एक अन्य साथी के साथ बाइक पर गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी साक्षर को इन्हीं दोस्तों के साथ जाते हुए देखा गया। जब रात बीतने पर भी साक्षर घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। मंगलवार सुबह परिजन देवेश के घर पहुंचे, लेकिन देवेश ने बड़ी ही चतुराई से उन्हें गुमराह किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
उसने दावा किया कि साक्षर रास्ते में ही कहीं उतर गया था और उसे उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन तुरंत नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुख्य संदिग्ध देवेश को मंगलवार शाम हिरासत में ले लिया। शुरुआत में देवेश पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और जो सच सामने आया। आरोपी देवेश ने कबूल किया कि सोमवार रात वह साक्षर और दो अन्य दोस्तों के साथ थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के बिलसूरी में शराब पार्टी कर रहे थे।
इसी दौरान नशे की हालत में साक्षर का देवेश और अन्य साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोस्तों के हाथापाई शुरू हो गई। तीनों आरोपियों ने मिलकर पहले साक्षर का गला दबाया। जब वह अधमरा हो गया, तो क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उन्होंने पास पड़ी ईंटों से साक्षर के सिर और चेहरे पर तब तक प्रहार किए जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को पास के ही एक खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया और वहां से फरार हो गए। साक्षर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां-बाप का बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी इस बात से स्तब्ध हैं कि बचपन के दोस्तों ने ही साक्षर की जान ले ली।
तरह-तरह की हो रहीं चर्चाएं, पुलिस विभिन्न पहलुओं पर कर रही जांच
बुलंदशहर। साक्षर हत्याकांड के बाद मोहल्ला देवीपुरा और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी देवेश को हिरासत में ले लिया है, लेकिन लोग इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं कि सिर्फ मामूली कहासुनी में बचपन का दोस्त इतना बड़ा जल्लाद कैसे बन गया। चर्चा यह भी है कि क्या इस हत्याकांड के पीछे शराब के नशे में हुआ विवाद ही एकमात्र कारण था, या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या कोई सम्बन्ध है। पुलिस अब साक्षर और आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। जिससे कि घटना से पहले की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के केंद्र में कई बिंदु हैं और फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
मुख्य आरोपी देवेश की निशानदेही पर पुलिस ने बिलसूरी क्षेत्र से साक्षर का शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड में देवेश के साथ दो अन्य युवक भी शामिल थे, जिनकी पहचान हो चुकी है। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी।
पहले से तय थी मौत.. फावड़ा साथ लाए थे हत्यारे, पहले से बुना गया था मौत का जाल
साक्षर हत्याकांड में मुख्य आरोपी देवेश से हुई देर रात की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह महज नशे में हुआ अचानक विवाद नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश प्रतीत हो रही है। देवेश ने बताया कि उसने बिलसूरी निवासी शुभम और दीपक के कहने पर साक्षर को शराब पार्टी के बहाने राजी किया था। योजना के तहत वे साक्षर को नेशनल हाईवे से करीब 200 मीटर दूर एक सुनसान बाग में ले गए। साजिश की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बिलसूरी निवासी आरोपी अपने साथ पहले से ही गांव से फावड़ा लेकर आया था। बाग में पहले साक्षर को छककर शराब पिलाई गई और फिर मौका पाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। कत्ल के तुरंत बाद, पहले से लाए गए फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया, ताकि किसी को भनक न लग सके।