सिलिंडर, शादी और दर्दनाक मौत: जिसका सजना था सेहरा, उसकी सजी अर्थी; तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार रोबिन को कुचला
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोगों की आंखें नम हैं।
विस्तार
बुलंदशहर-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की 27 अप्रैल को शादी होनी थी। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों बाइक से सिलिंडर लेने जा रहे थे। घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से भाग गया। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव चरौरा निवासी रमेश सैनी का 22 वर्षीय पुत्र रोबिन नोएडा की भंगेल मंडी में मुनीम के पद पर कार्यरत था। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपने दोस्त सौरभ सैनी के साथ बाइक से गांव जहरा स्थित गैस एजेंसी से सिलिंडर लेने जा रहा था। जैसे ही वे सराय छबीला के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रोबिन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रोबिन की 27 अप्रैल को शादी तय थी। घर में चारों तरफ उल्लास का माहौल था। मेहमानों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे थे। परिजनों ने जिस बेटे की बरात सजाने का सपना देखा था। अब उसी की अर्थी उठने से सभी की आंखें नम हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद हाईवे पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच मौके का फायदा उठाकर थार चालक वाहन समेत भाग निकला। औरंगाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।