Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   UP Crime: Finance Employee Shot Dead Over Land Dispute, 13 Accused Booked

यूपी: 'हमने अपने दुश्मन को मार दिया, जो भी मदद को आएगा उसे भी नहीं छोड़ेंगे'; फाइनेंसकर्मी की हत्या की कहानी

Mon, 16 Nov 2026 03:09 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, फिरोजाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, फिरोजाबाद Published by: Sharukh Khan Updated Mon, 16 Nov 2026 03:09 PM IST
सार

फिरोजाबाद में जमीन और मुकदमे की रंजिश में फाइनेंसकर्मी की गोली मारने के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने गांव उड़ेसर सिंहपुर के मुख्य मार्ग पर हत्या के बाद मृतक के घर आकर फायरिंग कर हत्या की मुनादी भी की। पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी परिजन समेत गांव छोड़कर भाग गए हैं।

विज्ञापन
UP Crime: Finance Employee Shot Dead Over Land Dispute, 13 Accused Booked
UP Crime - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के उड़ेसर सिंहपुर गांव में रविवार तड़के जमीन के विवाद और मुकदमे की रंजिश में फाइनेंसकर्मी की गोली मारने के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गांव के मुख्य मार्ग पर घेरकर हत्या के बाद हमलावर गांव में घुसे और मृतक के घर पर फायरिंग कर मुनादी की। 
विज्ञापन


वारदात के बाद गांव निवासी आरोपी अपने घरों पर ताले डालकर भाग गए। मृतक के भाई योगेश की तहरीर पर 13 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


गांव निवासी बज्रसिंह के पुत्र प्रदीप कुमार यादव तीन भाइयों में से दूसरे नंबर के थे और एटा में एक निजी फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते थे। रविवार तड़के साढ़े तीन बजे करीब उनकी पत्नी सरिता की तबीयत खराब हो गई थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

सरिता का भाई राहुल निवासी नगला सेवा, अपने साथ झाड़-फूंक करने वाले भगत वीरपाल निवासी नगला चित्तर को साथ लाया था। झाड़-फूंक के बाद प्रदीप भगत वीरपाल को बाइक से उनके गांव छोड़ने गया था। आरोप है सुबह करीब 5:15 बजे वह अपने घर लौट रहा था। तभी उसे घर से करीब एक किलोमीटर पहले गांव के मुख्य मार्ग पर आर्यन उर्फ सोबी, विकास कुमार, इंद्रपाल सिंह, राकेश, देवेंद्र, रवेंद्र, ओपेंद्र, राजेश कुमार तथा रवेंद्र के बेटे रोबी व प्रशांत, राजेश के बेटे निशांत, देवेंद्र के बेटे विपिन उर्फ हिमांशु ने प्रदीप को घेर लिया और फायरिंग की। 

उसके हाथ में एक गोली लगी और बाइक से गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड, डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी गांव में पहुंचे और प्रदीप कुमार के घर पर फायरिंग करते हुए हत्या कर देने की मुनादी की। मृतक की पत्नी सरिता, भाई योगेश घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप को तत्काल अस्पताल भेजा, अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।

आज हमने अपने दुश्मन को मार दिया, जो भी मदद को आएगा उसे भी नहीं छोड़ेंगे...

मृतक प्रदीप के भाई योगेश ने बताया कि आरोपी एक सफेद रंग की हुंडई ओरा कार और कुछ मोटरसाइकिलों पर सवार थे। उनके हाथों में हथियार थे। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेखौफ होकर उनके घर पर आ धमके और वहां तांडव मचाते हुए जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने खुलेआम कहा कि आज हमने अपने दुश्मन को मार दिया, जो भी मदद को आएगा उसे भी नहीं छोड़ेंगे...। योगेश ने बताया कि 13 नवंबर को आरोपी पक्ष ने मारपीट पथराव किया था, उसका मुकदमा शनिवार को दर्ज कराया था। पहले से जमीन का विवाद भी चल रहा है। इसी रंजिश में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

 

घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।-अनुज चौधरी, एएसपी देहात

पुलिस रंजिश की गहराई नहीं भांप सकी, नतीजतन अगले दिन हो गई नृशंस हत्या

फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के उड़ेसर सिंहपुर गांव में हुई प्रदीप कुमार यादव की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस रंजिश की गहराई और खतरे को समय रहते नहीं भांप सकी। हत्या की इस बड़ी वारदात से दो दिन पहले शुक्रवार को भी संघर्ष हुआ था।


 

पत्नी मृतक प्रदीप कुमार यादव की पत्नी सरिता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया था कि जब उनके पति और जेठ खेत पर काम कर रहे थे, तब वह हार पर अकेली थीं। उनकी ट्रैक्टर की ट्रॉली नहर की पटरी पर खड़ी थी। उसी बात को लेकर आरोपी गंगा सिंह के बेटे ओपेंद्र, राजेश, राकेश, देवेंद्र के अलावा रवेंद्र के बेटे रोबी, प्रशांत, इनके साथी विपिन उर्फ हिमांशु, निशांत और सरिता, नीरेश, मिथलेश, लवी और बेबी आ धमके और गंदी गालियां देते हुए घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इस पथराव में चोटें भी आईं थीं। 

 

यह पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। इस घटना में 14 नवंबर को थाना एका में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लेकिन पुलिस ने इस गंभीर मामले में एहतियात बरतने के बजाय नामजद आरोपियों में से राजेश, देवेंद्र और प्रशांत को केवल शांतिभंग की आशंका में पाबंद कर इतिश्री कर ली। एसडीएम कोर्ट से उसी दिन उन्हें जमानत भी मिल गई।

 

ग्राम प्रधान ने दी थी बड़े बवाल की चेतावनी

ग्राम प्रधान प्रदीप यादव ने बताया कि इंद्रपाल और गंगा सिंह दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। इनके सामने गांव का कोई भी व्यक्ति बोल तक नहीं पाता है। जैसे ही शनिवार शाम राजेश, देवेंद्र, प्रशांत शांतिभंग में जमानत पाकर गांव आए उन्होंने पुलिस को आगाह किया था कि दोनों पक्षों के बीच चल रहा यह विवाद किसी बड़े खूनी संघर्ष या बवाल का रूप ले सकता है, इसलिए पुलिस को मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए। 

बावजूद इसके, स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज कर दिया। नतीजा यह रहा कि आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने अगले ही दिन सुबह घात लगाकर प्रदीप की लाठी-डंडों से गोली, धारदार हथियार से हमला और लाठी-डंडों, सरिया से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक के भाई योगेश ने थाने के एक दरोगा और एक सिपाही पर आरोप लगाया है कि ये आरोपी पक्ष से मिले हुए हैं। आरोपी पक्ष मिट्टी खनन का काम भी करता है। इसके चलते थाने में इनका लेन-देन रहता है।

मृतक के भाई ने दरोगा और सिपाही पर लगाया मिलीभगत का आरोप

फिरोजाबाद। मृतक प्रदीप के भाई योगेश ने थाने के एक दरोगा और एक सिपाही पर सीधा आरोप लगाया है कि ये पुलिसकर्मी आरोपी पक्ष से मिले हुए थे, जिसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद थे। योगेश ने बताया कि आरोपी पक्ष मिट्टी खनन का अवैध काम करता है और इसी के चलते उनका थाने के कुछ पुलिसकर्मियों के साथ लगातार लेन-देन और उठना-बैठना रहता है। 

 

जून 2026 में आरोपी पक्ष के खिलाफ गांव के ही एक तालाब से अवैध रूप से मिट्टी खनन करने की शिकायत की गई थी। मामले में क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी थी। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई थी लेकिन कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

आरोपियों के निशाने पर हमेशा रहता था प्रदीप, दो बच्चे के सिर से उठा पिता का साया

मृतक प्रदीप के बहनोई शीलेश यादव निवासी मिरहची, एटा उप्र में हेड कांस्टेबल हैं। वर्तमान में मथुरा के बल्देव थाने में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि प्रदीप ही कानूनी रूप से तेज-तर्रार था और जमीनी प्रकरण में पैरवी करता था। बीए तक उसने पढ़ाई कर रखी थी। फाइनेंस कंपनी में काम करने के चलते उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक थी। 

 

इसी बात की और ज्यादा खुन्नस आरोपियों को थी और वह उसे ही निशाना बनाने थे। चार माह से पहले भी आरोपी पक्ष ने प्रदीप को निशाना बनाया था और मारपीट की थी। उस मामले में खुद उन्होंने दोनों पक्षों में समझौता कराया था। प्रदीप के दो बच्चे हैं, जिनमें पांच साल की बेटी किट्टू और तीन साल के बेटा वेद है। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी सरिता व भाइयों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

 

पोस्टमार्टम तक गांव तक डटी रही पुलिस हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पोस्टमार्टम हाउस शव को भेजते ही एसएसपी स्तर से सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, इंस्पेक्टर उत्तर रवि त्यागी, पांच चौकी इंचार्ज व अन्य फोर्स की तैनाती यहां कर दी। इसके अलावा गांव में थाना एका, जसराना फोर्स की तैनाती की गई। किसी भी विवाद, हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार पीड़ित पक्ष को कड़ी कार्रवाई के लिए आश्वस्त करती रही। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के भाई योगेश के द्वारा दी गई तहरीर पर ही थाना एका में प्राथमिकी 13 नामजदों के खिलाफ दर्ज की गई।

एक ही खानदान के हैं दोनों पक्ष, वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने नकारा रिश्ता

आरोपी और पीड़ित पक्ष एक ही खानदान के हैं। पुलिस को गांव वालों से मिली जानकारी के अनुसार जमीन की रंजिश में दोनों पक्षों की एक-दूसरे से बोलचाल बंद हो गई थी। बात-बात पर विवाद हो जाता था। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के भाई योगेश और संदीप ने साफ तौर पर कह दिया कि आरोपी पक्ष से उनका कोई रिश्ता-नाता नहीं है। उन्होंने भाई की जान ले ली है।

फौज में था इंद्रपाल

आरोपी इंद्रपाल फौज में था। वह गांव में ही खेती करता है। मृतक के परिजन का आरोप है कि इंद्रपाल दबंगई करता है और हमेशा हत्या की धमकियां परिवार को देता था।

 

यह थी जमीन की रंजिश

मृतक प्रदीप तीन भाई और दो बहन हैं। इनमें प्रदीप तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई योगेश शिक्षक हैं और संदीप पिता बज्र सिंह के साथ खेती करता है। योगेश ने बताया कि मामला जून 2026 का है। हत्यारोपी पक्ष के दो सगे भाई इंद्रपाल और गंगा सिंह गांव में उनके घर से कुछ दूरी पर रहते हैं। योगेश ने बताया कि उनका खेत, हमारे खेत सटा हुआ है। जून 2026 में इन्होंने खेत पर कब्जे का प्रयास किया था। इसका विरोध किया था। 

 

इसके बाद एसडीएम कोर्ट में पैमाइश की अर्जी दाखिल कर दी थी। आरोप है कि गंगा सिंह और इंद्रपाल ने उनके हिस्से के खेत संख्या में से करीब आधा बीघा खेत कब्जा लिया। तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम ने भी उनका ही सहयोग किया और पैमाइश ठीक से करने के बजाए इनका तरफदारी की। पुलिस-प्रशासन ने जबरन खड़े होकर बाउंड्रीवॉल लगवाते हुए कब्जा भी उसी पक्ष को करा दिया। इसकी शिकायत प्रदीप लगातार अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए कर रहा था।

13 नवंबर की घटना में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विधिक रूप से कार्रवाई करते हुए शांतिभंग में पाबंद कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। वहां से निजी मुचलके पर आरोपियों को जमानत मिली थी। जमानत की शर्तों का उल्लंघन करते हुए आरोपियों ने यह घटना की है। इसकी रिपोर्ट कोर्ट को भेजी जाएगी।-चंचल त्यागी, प्रभारी सीओ जसराना
 

अंतिम संस्कार से पहले की गिरफ्तारी की मांग

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गांव ले गए। यहां देर रात 10 बजे तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया। मौके पर पहुंचे एसडीम जसराना ऋषभ पुंडीर के समक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी और भूमि विवाद की फिर से जांच कर कर इंसाफ की मांग की। एसडीएम द्वारा न्याय का आश्वासन दिए जाने पर देर रात 10:30 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed