Live
एमएलसी चुनाव: आगरा में फूट-फूट कर रोए सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल, बोले- लखनऊ जाकर कर लूंगा इस्लाम कबूल
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। करीब 2.30 लाख मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
लाइव अपडेट
सपा प्रत्याशी ने लगाया मतदान में गड़बड़ी का आरोप
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में आगरा शिक्षक खंड से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कहा कि उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की गई है। प्रत्याशी ने कहा कि खेरागढ़ में पीठासीन अधिकारी द्वारा जब खाना खाया गया तो सभी को बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने छाता बूथ भी लूटने का आरोप लगाया। अधिकारियों पर कार्यकर्ताओं से अभद्रता और परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं। इस दाैरान सपा प्रत्याशी फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।मैनपुरी में फर्जी वोटिंग की सूचना पर पहुंचे सपा के पूर्व विधायक, मतदान केंद्र पर पुलिस से नोकझोंक
मैनपुरी के देवी रोड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर शुक्रवार को फर्जी मतदान की सूचना पर सपा के पूर्व विधायक राजकुमार यादव कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। उन्होंने मतदान परिसर में लाइन में खड़े कुछ मतदाताओं को पुलिस की मदद से बाहर बुलाकर उनके पहचान पत्र जांचे। इस दौरान कुछ मतदाता पहचान पत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद उन्हें मतदान केंद्र से बाहर कर दिया गया। पूर्व विधायक ने पुलिस पर बिना पहचान पत्र जांचे लोगों को मतदान केंद्र में प्रवेश देने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों पर भी फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। सपा पदाधिकारियों के पहुंचने की सूचना पर भाजपा के नेता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने दोनों दलों के पदाधिकारियों को मतदान केंद्र से दूर किया। इस दौरान भाजपा के एक पदाधिकारी ने सीओ सिटी अशोक कुमार पर विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं का साथ देने का आरोप लगाया। वीडियो में भाजपा पदाधिकारी सीओ सिटी से अपनी मानसिकता बदलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीओ की वर्दी पर नेम प्लेट न होने को लेकर भी सवाल उठाए। सीओ सिटी ने भाजपा नेता को समझा-बुझाकर मतदान केंद्र से रवाना किया।फिरोजाबाद में दोपहर 12 बजे तक हुआ इतना मतदान
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत जनपद फिरोजाबाद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा जारी दोपहर 12 बजे तक के मतदान प्रतिशत के ताजा आंकड़ों के अनुसार मतदाताओं में उत्साह बढ़ता दिखाई दे रहा है।दोपहर 12 बजे तक के आंकड़े
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन:
-कुल मतदाता: 3075
- सुबह 10:00 बजे तक: 297 मत (9.66%)
- दोपहर 12:00 बजे तक: 888 मत (28.88%)
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन:
- कुल मतदाता: 15,399
- सुबह 10:00 बजे तक: 1,024 मत (6.65%)
- दोपहर 12:00 बजे तक: 2,762 मत (17.94%)
विधानसभा क्षेत्रवार दोपहर 12 बजे तक का मतदान
- शिकोहाबाद व सिरसागंज में दिखा अधिक उत्साह:
- शिक्षक निर्वाचन: सिरसागंज के मतदेय स्थल (अरांव क०नं० 2) में दोपहर 12 बजे तक सबसे अधिक 41.67% मतदान हुआ। वहीं शिकोहाबाद क्षेत्र में नगर पालिका परिषद क०नं० 1 पर 39.77% पोलिंग दर्ज की गई।
- स्नातक निर्वाचन: क्षेत्र पंचायत कार्यालय अरांव क०नं० 1 में रिकॉर्ड 44.47% मतदान दर्ज किया गया।
सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने, पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़े; जमकर हुआ हंगामा
आगरा के फतेहाबाद में सपा एजेंट ने भाजपाइयों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद सपा और भाजपाई आमने-सामने आ गए और जमकर गाली-गलौज हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को खदेड़ा। इस दौरान सपाइयों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बेटे संग किया मतदान, भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा
आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने बेटे आलौकिक उपाध्याय के साथ राजकीय इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत पक्की है।
बूथ के पास रोकने पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस से नोकझोंक
मैनपुरी(किशनी)। मतदान केंद्र के पास भाजपा एजेंट विक्रांत चौहान को बाहर जाने के दौरान वहां तैनात इंस्पेक्टर श्रीकृष्ण सिंह ने टोका तो भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए। इसको लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सूचना मिलने पर भाजपा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी गगन गौड़ ने भी स्थिति संभालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।डीएम और एसएसपी ने किया बूथों का औचक निरीक्षण
उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत आज हो रहे आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान प्रक्रिया फिरोजाबाद में सुबह 8 बजे से सुचारू रूप से जारी है। जिला प्रशासन से प्राप्त सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। स्नातक निर्वाचन के कुल 15,399 मतदाताओं में से 1,024 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे सुबह 10 बजे तक कुल मतदान 6.65 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के कुल 3,075 मतदाताओं में से 297 शिक्षकों ने मतदान किया, जिसका कुल प्रतिशत 9.66% रहा।चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का दौरा किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्लॉक एका स्थित बूथ संख्या 56, 57 (स्नातक) और बूथ संख्या 32 (शिक्षक) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, मतदान केंद्र पर उपस्थित मतदाताओं से भी बातचीत की गई। इस दौरान बूथ संख्या 56 (स्नातक) में कुल 725, बूथ संख्या 57 (स्नातक) में कुल 716 और बूथ संख्या 32 (शिक्षक) में कुल 207 मतदाता पंजीकृत हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिला और पुलिस प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
फतेहपुर सीकरी में एमएलसी चुनाव की वोटिंग धीमी
आगरा। खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक चुनाव के लिए फतेहपुर सीकरी में 10:00 बजे तक वोटिंग की गति धीमी रही है। बता दें खंड स्नातक केंद्र पर 599 से 80 वोट 10:00 बजे तक पढ़ चुके हैं, वहीं 319 में से 22 वोट ही खंड शिक्षक सीट के लिए डाले गए हैं। राजनीतिक पार्टियों के बस्तों पर भी मतदाता नहीं दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ता जमे हुए हैं।एत्मादपुर में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी, अधिकारियों ने लिया जायजा