{"_id":"6af45be189945b076b0f45f2","slug":"wheat-farming-scientific-seed-treatment-can-reduce-dap-consumption-by-up-to-40-percent-2026-11-11","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"किसान ध्यान दें: गेहूं की खेती में बचाएं खाद का खर्च, वैज्ञानिकों ने बताया डीएपी 40% तक घटाने का तरीका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसान ध्यान दें: गेहूं की खेती में बचाएं खाद का खर्च, वैज्ञानिकों ने बताया डीएपी 40% तक घटाने का तरीका
Wed, 11 Nov 2026 05:43 PM IST
Dhirendra Singh
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Wed, 11 Nov 2026 05:43 PM IST
सार
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने गेहूं की खेती में खाद की खपत और लागत कम करने के लिए नैनो डीएपी व तरल एनपीके कंसोर्टिया से बीज उपचार की सलाह दी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस तकनीक से परंपरागत डीएपी की खपत 40 प्रतिशत तक कम करने में मदद मिल सकती है और फसल के अंकुरण व जड़ों के विकास को बढ़ावा मिलता है।
विज्ञापन
फोटो - 01 खेती में खड़ी गेहूं की फसल। संवाद
विस्तार
गेहूं की खेती में खाद पर होने वाला खर्च कम करने और फसल की अच्छी बढ़वार के लिए किसानों को बीज उपचार की वैज्ञानिक तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, नैनो डीएपी और तरल एनपीके कंसोर्टिया (जैव उर्वरक) के इस्तेमाल से परंपरागत डीएपी की खपत 40 प्रतिशत तक कम करने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
Trending Videos
डॉ. चौहान ने बताया कि गेहूं की बुवाई के समय किसान अक्सर डीएपी और यूरिया का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ मिट्टी की सेहत भी प्रभावित होती है। रबी मौसम में खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल करने और वैज्ञानिक तकनीक अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि बीज उपचार के लिए प्रति किलो गेहूं के बीज पर 5 मिलीलीटर नैनो डीएपी की जरूरत होती है। इस तरह 40 किलो बीज के उपचार के लिए 200 मिलीलीटर नैनो डीएपी पर्याप्त है। इसके साथ 200 मिलीलीटर तरल एनपीके कंसोर्टिया और 200 मिलीलीटर पानी मिलाकर घोल तैयार करना चाहिए। इस घोल का बीज पर समान रूप से छिड़काव करें, ताकि प्रत्येक बीज पर इसकी परत चढ़ जाए।
उपचार के बाद बीज को छाया में सुखाकर बुवाई करनी चाहिए। डॉ. चौहान के अनुसार, बीज उपचार से अंकुरण और जड़ों के विकास में मदद मिलती है। इससे शुरुआती अवस्था में पौधों को पोषक तत्व उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। उन्होंने गेहूं की डीबीडब्ल्यू-327 किस्म का उदाहरण देते हुए बताया कि पिछले वर्ष इसका उत्पादन 56.45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि बीज उपचार के बावजूद बुवाई के समय मिट्टी की जरूरत और कृषि विभाग की अनुशंसाओं के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए। फसल की बढ़वार के लिए 35 से 40 दिन बाद नैनो डीएपी का पत्तियों पर छिड़काव भी किया जा सकता है।