वंश चलाने को रची साजिश: दिल्ली से अगवा दूधमुंहा अलीगढ़ से बरामद, चिंता से जेल तक की सच्ची दास्तां है यह
छत्रु को तीन बेटियों के बाद बेटा न होने पर वंश चलाने की चिंता थी, इसलिए उसने एक साल पहले ऋषिपाल को एक लाख रुपये में बच्चे का इंतजाम करने को कहा था। ऋषिपाल ने 8 माह के बच्चे को अगवा कर दंपती को सौंप दिया।
विस्तार
बेटे की चाहत में अलीगढ़ के एक दंपती ने अपने ट्रक चालक रिश्तेदार के साथ मिलकर दिल्ली से आठ माह के एक बच्चे का अपहरण कर लिया। पूर्वी जिला की मंडावली थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दूधमुंहा बच्चे को अलीगढ़ से बरामद कर लिया। इस मामले में दंपती समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
छत्रु अलीगढ़ के वाजिदपुर में खेती करता है। उसके तीन बेटियां हैं। एक भी बेटा न होने के कारण उसे अपना वंश चलाने की चिंता थी। उसकी प्लानिंग थी कि एक बेटा बतौर कहीं से एक लड़का मिल जाए। करीब एक साल पहले उसने मथुरा के सिकंदरपुर निवासी ऋषिपाल से इस बारे में बताया। ऋषिपाल ने उनको बच्चे का इंतजाम करके लाने का वादा किया था। बदले में छत्रु ने ऋषिपाल को एक लाख रुपये देने का वादा किया था।
दूधमुंहा को अगवा करने की साजिश
पुलिस ने बताया कि रिक्शा चालक लक्ष्मी नामक एक महिला ने अपने आठ माह के बेटे के अगवा होने की शिकायत दी थी। उसने अपने बेटे की देखरेख का जिम्मेदारी ज्योति को दी थी। ज्योति बच्चे को लेकर पांडव नगर में कुछ सामान लेने गई थी। वहां एक अज्ञात बच्चे को लेकर गायब हो गया। पुलिस ने लक्ष्मी की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
दंपती तक पहुंचाया बच्चा
मासूम को अगवा करने के बाद ऋषिपाल उसे ट्रक में डालकर अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव ले गया। वहां पहुंचकर उसने बच्चे को दंपती छत्रु और कुसमा को सौंप दिया। पुलिस टीम ने घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता हुआ दिखा। आरोपी एक ई-रिक्शा में सवार होकर अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचा। वहां एक टाटा-407 खड़ा था, जिसमें आरोपी ने बच्चे को रखा और नोएडा की ओर निकल गया। पुलिस ने टाटा-407 के नंबर की पड़ताल की। इसके बाद आरोपी चालक ऋषिपाल को दबोच लिया।
अलीगढ़ से बच्चा बरामद
पुलिस ने ऋषिपाल से पूछताछ के बाद वाजिदपुर गांव में छापेमारी की। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर छत्रु और कुसमा को गिरफ्तार कर लिया। दंपती ने मासूम को अगवा करने की साजिश रचने की बात स्वीकार की। इस तरह छत्रु के वंश चलाने की चिंता ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
