{"_id":"6aedaa4e132451af2703b5da","slug":"massive-fire-in-woolen-clothes-shop-2026-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलीगढ़: गर्म कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलीगढ़: गर्म कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
Fri, 06 Nov 2026 03:52 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Fri, 06 Nov 2026 03:52 PM IST
सार
टिंकू सिंह टीन का शेड बनाकर वूलन कपड़ों का कारोबार करते हैं। देर रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में दुकान के अंदर उनके कर्मचारी सो रहे थे। सुबह करीब 5:00 बजे अचानक दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
विज्ञापन
वूलन कपड़ों की दुकान में लगी आग
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
अलीगढ़ के रामघाट रोड स्थित कुंजीलाल दाल सेब वालों के पास शुक्रवार तड़के एक गर्म कपड़ों की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे के समय दुकान में सो रहे कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, बंसल कॉलोनी निवासी टिंकू सिंह रामघाट रोड पर सड़क किनारे टीन का शेड बनाकर वूलन कपड़ों का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार देर रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में दुकान के अंदर उनके कर्मचारी मनोज कुमार, रूपेश, अभिषेक और अरुण सो रहे थे।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे अचानक दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देखकर अंदर सो रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सभी कर्मचारी समय रहते दुकान से सुरक्षित बाहर निकल आए और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही घटना की जानकारी तुरंत फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
विज्ञापन
हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक दुकान में रखा अधिकांश स्टॉक और कीमती गर्म कपड़े जलकर राख हो चुके थे। दुकान मालिक टिंकू सिंह और कर्मचारियों ने घटना के पीछे किसी की साजिश का अंदेशा जताया है। उनका आरोप है कि किसी असामाजिक तत्व ने रंजिश के तहत दुकान में आग लगाई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।