पीईटी: अलीगढ़ में 39 केंद्र 25, 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को परीक्षा, केंद्रों पर जैमर, दो किमी तक नो सिग्नल
25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को तीन दिन में छह पालियों में परीक्षा होगी। इसके लिए अलीगढ़ महानगर में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 1,14,624 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं।
विस्तार
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में नकल की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था की गई है कि मोबाइल सिग्नल भी बाधा नहीं बन सकेंगे। पीईटी-2026 के लिए महानगर में बनाए गए सभी 39 केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। इनसे दो किलोमीटर के दायरे में मोबाइल सिग्नल बाधित रहेगा।
पीईटी नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को तीन दिन में छह पालियों में परीक्षा होगी। इसके लिए अलीगढ़ महानगर में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 1,14,624 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। रविवार को दोनों पालियों में 40 हजार अभ्यर्थियों के परीक्षा में बैठने का अनुमान है। परीक्षा के लिए देर रात अभ्यर्थियों का अलीगढ़ आना शुरू हो गया।
शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने परीक्षा की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में नकल, अनियमितता या किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम सिटी संगीता देवी ने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी।
अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन व बसों की व्यवस्था
अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। वहीं, रेलवे भी विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त रेल परिचालन के जरिये यात्रियों को राहत देने की तैयारी में है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा के अनुसार परीक्षा को लेकर हाथरस और अतरौली से 100 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, कासगंज और एटा रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए लोकल और लंबे रूटों पर संचालित होने वाली बसों को जरूरत के अनुसार परीक्षा स्पेशल सेवाओं में लगाया जाएगा। अभ्यर्थियों की वापसी के लिए भी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर आसपास के डिपो से अतिरिक्त बसें मंगाई जाएंगी। उधर, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार पीईटी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
अल बरकात पब्लिक स्कूल, आयशा तारीन मॉडर्न पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, धर्म समाज बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज सहित 39 केंद्र बनाए गए हैं।