अलीगढ़: सिर पर दो गोलियां लगने से कुपवाड़ा में जवान की मौत, आठ दिन बाद होनी थी शादी, खुशियां मातम में बदली
सेना के 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिरसा निवासी करन चौधरी की जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बेस पॉइंट लोहलाम में सिर पर दो गोलियां लगने से मौत हो गई, 24 नवंबर को उनकी शादी थी।
विस्तार
सेना के 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिरसा निवासी करन चौधरी की जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बेस पॉइंट लोहलाम (सोगाम) में सिर पर दो गोलियां लगने से मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब चार बजे खबर पर खबर मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। 24 नवंबर को उनकी शादी थी और 16 नवंबर को घर आने के लिए उन्हें श्रीनगर से फ्लाइट पकड़नी थी।
परिजन के अनुसार गोली लगने का कारण सेना की ओर से अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है। वह लगातार सेना मुख्यालय से संपर्क में हैं लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। करन चौधरी का पार्थिव शरीर 17 नवंबर की सुबह गांव सिरसा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार सुबह करीब चार बजे बटालियन के सीओ ने परिजन को सूचना दी तो करन चौधरी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार वालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। खुशियों वाले घर में मातम छा गया।
पिता पप्पू सिंह ने बताया कि अप्रैल माह में वीडियो कॉल कर बेटे करन को लड़की पसंद कराई थी। 22 नवंबर को गांव में भेंट और 24 नवंबर को अतरौली में शादी होनी थी। बेटे ने अवकाश ले लिया था। 16 नवंबर को श्रीनगर से फ्लाइट से दिल्ली और दिल्ली से गांव आना था। दिन और तारीख वही है, बस बेटे की जगह उसका पार्थिव शरीर घर आ रहा है। यह कहते हुए वह फफक पड़े...।
दुकानों पर ही रखे रह गए कपड़े-फर्नीचर
करन चौधरी का रिश्ता पालीमुकीमपुर के गांव भाऊपुर निवासी सोनवीर सिंह उर्फ छोटे चौधरी की बेटी कल्पना के साथ तय हुआ था। पिता ने सोने के गहने, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर आदि सामान खरीदकर अतरौली और छर्रा की दुकानों पर ही रखवा दिया था, जो वहीं रखे रह गए।
इकलौती बेटी होने के चलते कल्पना के परिजन शादी की तैयारी में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहते थे। इसलिए सारी खरीदारी पहले कर सामान दुकानों में ही सुरक्षित रखवा दिया था। ज्यादातर कार्ड बंट गए थे। 20 नवंबर को लग्न लिखी जानी थी। 22 नवंबर को सगाई करने के लिए सिरसा जाने की तैयारी चल रही थी। 24 नवंबर को अतरौली के छर्रा रोड स्थित एक लॉज में शादी होनी थी। लॉज और हलवाइयों को एडवांस दे दिया गया था लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
कल्पना के ताऊ बहोरन लाल और भाई धीरेश रविवार को भी शादी के कार्ड बांटकर आए थे। क्या पता था कि अगले दिन घर मातम में डूब जाएगा। सोनवीर सिंह ने बताया कि करन के पिता पप्पू सिंह ने सोमवार सुबह कॉल कर सूचना दी तो कल्पना सहित उसकी मां अंकिता रानी, ताई विनीता सहित परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है
