यूपी पंचायत चुनाव: अलीगढ़ में 18.42 लाख मतदाता करेंगे मतदान, 2.29 लाख नाम हटाए गए, अंतिम सूची जारी
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी की है। कुल 18 लाख 42 हजार 379 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया। अंतिम सूची के अनुसार जिले में अब कुल 18 लाख 42 हजार 379 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 2.83 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 2.29 लाख नाम सूची से हटाए गए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) प्रमोद कुमार ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, सभी तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी।
मतदाता सूची राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है। पंचायत मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण का कार्य 18 जुलाई 2025 से शुरू किया गया था। जिले की पांच तहसीलों के 12 विकास खंडों की कुल 852 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची का सत्यापन कराया गया। इसके लिए 1427 बीएलओ और 162 सुपरवाइजर तैनात किए गए थे।
घर-घर सर्वे, दावे-आपत्तियों के निस्तारण और डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के बाद जिले में कुल 18,42,379 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पंचायत चुनाव के लिए जिले में 1402 मतदान केंद्र और 2947 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिले में गंगीरी विकास खंड में सबसे अधिक 2,16,479 मतदाता हैं, जबकि कोल में 1,66,463 और अतरौली में 1,65,937 मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं लोधा विकास खंड में सबसे कम 1,27,576 मतदाता हैं।
पुनरीक्षण की प्रमुख बातें
- कुल मतदाता : 18,42,379
- नए मतदाता जुड़े : 2,83,936
- नाम हटाए गए : 2,29,401
- संशोधित प्रविष्टियां : 29,611
- ग्राम पंचायतें : 852
- मतदान केंद्र : 1402
- मतदेय स्थल : 2947