प्रतापगढ़ में संगमलाल की बड़ी जीत, कौशाम्बी में विनोद दोबारा चुने गए
जीत का यह सिलसिला इलाहाबाद की दोनों सीट पर भी जारी रहा। प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री रहीं डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने इलाहाबाद सीट पर अमिताभ बच्चन के बाद अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सपा के राजेंद्र प्रताप सिंह को 1,84,275 मतों के अंतर से हराया। अमिताभ बच्चन ने 1984 के चुनाव में रीता के ही पिता पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को 1,87,795 मतों के अंतर से हराया था। जबकि फूलपुर से भी भाजपा की केशरी देवी पटेल ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सपा के पंधारी यादव को 1,71,998 मतों के अंतर से हराया। यह पहला मौका है जब यहां की दोनों सीट पर महिला प्रत्याशी विजयी हुई हैं। मतगणना के दौरान मंडी परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए थे।
कौशांबी लोकसभा सीट पर ओसा के नवीन मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हई। शुरुआती मतगणना से भाजपा ने जो बढ़त बनाई, वो सिलसिला ईवीएम खुलने के साथ अंत तक जारी रहा। प्रथम चक्र की गिनती में इस सीट की पांच विधान सभाओं मंझनपुर, सिराथू, चायल, कुंडा और बाबागंज में एक साथ कमला खिला। लगातार चार चक्र तक इन इलाकों में बढ़त बनाने के बाद पांचवें चक्र राजा भइया के गढ़ कुंडा व बाबागंज विस क्षेत्रों में जनसत्ता दल के उम्मीदवार शैलेंद्र कुमार पासी ने बढ़त ले ली। प्रतापगढ़ जिले में आने वाली इन दोनों विधान सभाओं की ईवीएम से निकले वोटों में सपा-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार इंद्रजीत सरोज भी भाजपा को मिले मतों की तुलना में आगे थे, लेकिन भाजपा ने कौशांबी की तीन विधान सभाओं में उस अंतर को पूरा कर लिया।
फूलपुर
केशरी देवी पटेल - 5,44,701
पंधारी यादव - 3,72,733
000
इलाहाबाद
डॉ.रीता बहुगुणा जोशी - 4,94,454
राजेंद्र प्रताप सिंह - 3,10,179
000
प्रतापगढ़
संगम लाल - 4,36,491
अशोक त्रिपाठी - 3,18539
000
कौशाम्बी
विनोद सोनकर -389009
इंद्रजीत सरोज -344287
प्रतापगढ़ में मतगणना के लिए महुली मंडी में गुरुवार की सुबह 8 बजे से मतों की गिनती भारी अव्यवस्था के बीच शुरू हुई। दो घंटे तक कोई परिणाम ही सामने नहीं आया। बाद में भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता ने पांचों विधानसभा में बढ़त बनाई तो फिर पीछे मुडक़र नहीं देखा। यहां तक कि कांग्रेस के गढ़ रामपुर खास में भी भाजपा प्रत्याशी ने भारी बढ़त बना ली। जिसके चलते दूसरे प्रत्याशियों को हर राउंड में हार का सामना करना पड़ा। संगमलाल गुप्ता को कुल 4,36,491 वोट मिले। जबकि सपा-बसपा गठबंधन केे प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी 3,18,539 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस की राजकुमारी रत्ना सिंह 77096 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। राजाभैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी 46,713 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। मतगणना समाप्त होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता को प्रमाणपत्र दिया। मतगणना स्थल से बाहर निकलते ही प्रतीक्षा कर रहे समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।