सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amethi News ›   BJP district president accused of snatching BLO's mobile phone and beating her husband

Amethi News: भाजपा जिलाध्यक्ष पर बीएलओ का मोबाइल छीनने, पति को पीटने का आरोप

Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 05 Feb 2026 12:17 AM IST
विज्ञापन
BJP district president accused of snatching BLO's mobile phone and beating her husband
कहासुनी से जुड़े वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट। - फोटो : कहासुनी से जुड़े वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट।
विज्ञापन
संग्रामपुर। ठेंगहा मतदान केंद्र पर बुधवार को बीएलओ और भाजपा के बूथ लेवल एजेंटों की बैठक के दौरान विवाद हो गया। बीएलओ के पति राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि बैठक में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने उनकी पिटाई कर दी और उनकी पत्नी का मोबाइल छीन लिया। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव व कांग्रेस सांसद किशोरी लाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर नाराजगी जताई है। अखिलेश यादव ने अपना प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात भी कही है। इस घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
Trending Videos

राकेश ने एसडीएम अमेठी आशीष सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि ठेंगहा मतदान केंद्र पर बुधवार को भाजपा के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उनकी पत्नी (बीएलओ) को अपमानित कर रहे थे। इसका विरोध करने पर उन्हें पीट दिया। पत्नी इसका वीडियो बनाने लगी तो उसका मोबाइल छीन लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बदनाम करने की साजिश : सुधांशु
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस बूथ पर बैठक हुई, वहां संबंधित महिला बीएलओ तैनात नहीं है। उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
भेजेंगे प्रतिनिधिमंडल : अखिलेश यादव
ठेंगहा में बीएलओ के साथ हुई घटना को लेकर सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शिकायती पत्र के साथ ट्वीट किया। इसमें कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है कि अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष ने एक बीएलओ से मारपीट की। महिला बीएलओ पर जबरन पीडीए समाज का वोट कटवाने व भाजपा समर्थकों का बोट बढ़वाने का दबाव डाला। उनके मन मुताबिक काम न करने पर महिला बीएलओ को अपमानित किया व घटना का वीडियो बनाते समय मोबाइल छीन लिया। इस संदर्भ में सरकारी काम में बाधा डालने, महिला से अभद्रता करने, मोबाइल छीनने व हिंसक भाषा-व्यवहार इत्यादि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। तत्काल संज्ञान लिया जाए। अखिलेश ने इस घटना के संदर्भ में एक प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात कही है।
कांग्रेस के जिला सचिव हैं बीएलओ के पति राकेश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि राकेश मौर्य कांग्रेस के जिला सचिव हैं। मामले की शिकायत डीएम और एडीएम से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पदाधिकारियों की ओर से बीएलओ पर दबाव बनाकर मतदाताओं का नाम कटवाया जा रहा है।
जांच कर होगी कार्रवाई
सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई है। अभी तक किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीएम अमेठी आशीष सिंह ने बताया कि बीएलओ का मोबाइल वापस दिला दिया गया है। मामले में जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed