देवर के लिए मार डाला पति: हाथ-पैर बांधकर गला रेता, फिर छह जगह से काटा, विवाद के एक हफ्ते में ली जान; खुले राज
राजमिस्त्री मेहराज की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी रूही ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई। रूही का प्रेमी से प्रेम-प्रसंग था। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने रूही समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात राजमिस्त्री मेहराज की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसके हाथ-पैर बांधकर गला रेता और छह जगह से काटा। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी रूही ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर यह वारदात की। रूही का अपनी बहन के देवर से प्रेम-प्रसंग था। मृतक के पिता ने बहू और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने रूही समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
यह है मामला
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात घर के टिनशेड में सो रहे राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज (30) की हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने गला, दोनों हाथ-पैर और पेट समेत छह जगह से धारदार हथियार से बेरहमी से काटा।
घटना के समय उनकी पत्नी रूही और बच्चे भी पास ही सो रहे थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि रूही ने ही अपने रिश्ते के देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कराई है। मृतक के पिता ने बहू और दो अज्ञात पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पत्नी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक मेहराज उर्फ मिराज राजमिस्त्री थे। शनिवार रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के टिनशेड में अलग-अलग चारपाइयों पर सोए थे। रविवार सुबह जब उनके पिता मोमीन पहुंचे तो मेहराज को खून से लथपथ पड़ा देखा। उसके हाथ-पैर बंधे थे और गर्दन पर गहरे घाव थे। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। एसपी अमित कुमार आनंद ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिंक एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए।
बहन के देवर के साथ था प्रेम-प्रसंग
एसपी ने बताया कि मेहराज की पत्नी रूही का अपनी बहन के देवर के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसीलिए रूही मेहराज के साथ रहने को तैयार नहीं थी। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि रूही ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की है। एक अन्य आरोपी के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है।
उठा सवाल, क्या नींद की गोली भी खिलाई थी
मेहराज की जिस तरह से हत्या हुई है। उससे इस तरफ भी इशारा होता है कि उसकी हत्या से पहले उसे बेहोश किया गया हो। किसी तरह से उसे नींद की गोली या अन्य कुछ ऐसी दवाई प्रयोग की गई हो, जिससे वह सोता रही रहा और आसानी से उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसके काटा गया।
अपनों का खून करते नहीं कांपे हाथ
अपनों के खून के लिए हसनपुर क्षेत्र पहले से ही बदनाम है। वर्ष 2008 में गांव बावनखेड़ी में शबनम ने प्रेमी के साथ मिलकर माता, पिता, भाई-भाभी समेत सात लोगों का कत्ल कर दिया था। इसके बाद अब फिर एक महिला ने अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया।
राजमिस्त्री की उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गला रेतकर हत्या की है। पिता की तहरीर पर पत्नी समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। - अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा
सात दिन से दंपती में हो रहा था विवाद, पत्नी ने किया था साथ रहने से इन्कार
क्षेत्र के गांव पिपलौती कला में राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज की हत्या के बाद ये बात सामने आई है कि मेहराज का अपनी पत्नी से कई दिनों से विवाद चल रहा था। पत्नी ने अपने पति के साथ रहने से साफ इन्कार कर दिया था।
मृतक की चाची ने बताई ये बात
मृतक मेहराज की चाची इस्तकीन के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद की चिंगारी 21 मार्च यानी ईद के दिन सुलगी थी। उसके बाद से दोनों के बीच सुलह नहीं हो सकी। रूही अपने पति मेहराज के साथ रहने को कतई तैयार नहीं थी।
आलम यह था कि पिछले एक सप्ताह से घर में चूल्हा तो जल रहा था, लेकिन मेहराज के लिए नहीं। रूही उसे खाना तक नहीं दे रही थी, जिस कारण मेहराज को मोहल्ले में अपने रिश्तेदारों और कुनबे के अन्य घरों में जाकर खाना खाना पड़ रहा था।
दो मासूमों के सिर से उठा साया
मेहराज की मौत से दो मासूमों के भविष्य भी मुश्किल में पड़ गया है। बड़ा बेटा फरहान (05) और छोटा बेटा अली (03) अब पूरी तरह अनाथ जैसे हो गए हैं। पिता की हत्या हो चुकी है और मां पर ही कत्ल का संगीन आरोप है। गांव में चर्चा है कि आपसी कलह ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
रूही के गांव के ही एक रिश्तेदार से थे प्रेम संबंध
मृतक मेहराज की पत्नी रूही का एक तरफ जहां अपने ही पति से विवाद चल रहा था। तो दूसरी तरफ उसकी गांव के ही एक रिश्तेदार से गहरी दोस्ती थी। उससे प्रेम संबंध में थी। वह रिश्ते में देवर लगता है। चर्चा ये भी है कि रूही उस रिश्तेदार से ही शादी करना चाहती थी। पुलिस ने उस रिश्तेदार को भी हिरासत में ले लिया है।
डीजे के शोर में दब गई मौत की चीख
शनिवार की रात गांव पिपलौती कला में माहौल उत्सव का था। गांव में अलग-अलग स्थानों पर तीन शादी समारोह चल रहे थे। देर रात तक डीजे की तेज आवाजें गूंजती रहीं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के वक्त जब मेहराज ने जान बचाने के लिए संघर्ष किया होगा या चिल्लाया होगा, तो उसकी आवाजें डीजे के शोर में दब गईं।
घटना का सबसे हृदय विदारक पहलू यह रहा कि जिस चारपाई पर मेहराज का गला रेता गया, उसी पर उसका पांच वर्षीय बड़ा बेटा फरहान भी सो रहा था। हत्या के दौरान पिता के खून के छीटें मासूम के कपड़ों पर भी पड़े। सुबह जब आंख खुली तो बिस्तर खून से लथपथ था और पिता का शव पास ही पड़ा था। मासूम फरहान इस मंजर को देखकर गहरी दहशत में है।