अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोहानी खुर्द में बृहस्पतिवार सुबह ट्रैक्टर निकालने और खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान धक्का लगने से 75 वर्षीय एक बुजुर्ग खूंटे पर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत ले लिया है। छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गांव गोहानी खुर्द निवासी लज्जाराम और अरविंद सविता के बीच लंबे समय से प्लॉट को लेकर तनातनी चल रही थी। अरविंद ने लज्जाराम के घर के पास एक प्लॉट खरीदा था, जहां वह अक्सर खूंटे गाड़ देता था। आरोप है कि लज्जाराम के परिजन उन खूंटों को उखाड़ देते थे, जिससे दोनों पक्षों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सुबह जब अरविंद अपना ट्रैक्टर निकाल रहा था, तभी उसने देखा कि खूंटा उखड़ा हुआ है। इसी बात पर वह नाराज होकर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर लज्जाराम मौके पर पहुंचे। आरोप है कि अरविंद ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह पास ही गड़े एक खूंटे पर जा गिरे। चोट इतनी गंभीर थी कि परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी अजीतमल सीओ अशोक कुमार ने मौजूद पुलिस से घटना के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि दिवंगत के दाहिने घुटने के नीचे चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में धक्का लगने से गिरने की बात सामने आ रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।