Azamgarh News: आईसीयू में स्वास्थ्यकर्मी को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोपी गिरफ्तार, गला दबाकर की थी मारपीट
Azamgarh News: आईसीयू में स्वास्थ्यकर्मी को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोपी गिरफ्तार किया गया। विधायक के साथ आए युवक ने स्वास्थ्यकर्मी पर हमला किया था।
विस्तार
आजमगढ़ जिले में सलमानी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट और पिस्टल दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी गुफरान अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 19 मार्च की बताई जा रही है, जब बनकट निवासी स्टाफ नर्स सूरज मौर्या मरीज की देखरेख कर रहा था। इसी दौरान विधायक नफीस अहमद मरीज से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के बाद बाहर जाने के लिए कहने पर उनके साथ आए गुफरान ने नर्स पर हमला कर दिया था।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित सूरज मौर्या का आरोप है कि गुफरान अहमद ने पिस्टल कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी थी और विरोध करने पर गला दबाकर मारपीट की थी। अस्पताल में लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आईसीयू में स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी गुफरान अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है। -शुभम तोदी, सीओ सदर