UP Crime: 25 हजार का इनामी अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार, ग्रहदोष दूर करने के नाम पर महिलाओं को बनाता था शिकार
आजमगढ़ कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे से 25 हजार के इनामी अंतरराज्यीय ठग को दबोचा। पुलिस ने गिरोह की दो ठगी की वारदातों का खुलासा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले में ग्रहदोष दूर करने और धर्म-कर्म का झांसा देकर महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 25 हजार के इनामी सदस्य हुसैनू को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने जिले में हुई दो ठगी की घटनाओं का खुलासा किया।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सात फरवरी को मऊ जिले की रहने वाली आशा ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि शंकर तिराहा (सिधारी) स्थित ग्रैंड एसआर होटल के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने ग्रहदोष और अशुभ प्रभाव का भय दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया और पूजा-पाठ के बहाने उनकी सोने की चेन, अंगूठी व दो हजार रुपये लेकर भाग गए।
इस मामले में पूर्व में गिरोह के सदस्य लईक उर्फ लकी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। सोमवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आजमगढ़ रोडवेज प्राइवेट बस अड्डे से 25 हजार के इनामी आरोपी उत्तराखंड के ऊधमपुर सिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र के गूलर भोज निवासी हुसैनू (45) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 400 रुपये नकद, आभूषण साफ करने वाले केमिकल से भरी एक प्लास्टिक की शीशी और विभिन्न रंगों के 10 नग पत्थर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों सैफ अली खां, इमरान और लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर अंतरराज्यीय ठगी गिरोह चलाता था।
गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में घूमकर विशेष रूप से अधेड़ और बुजुर्ग महिलाओं को धर्म-कर्म, ग्रहदोष और पूजा-पाठ का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे और उनके आभूषण और नकदी लेकर भाग गए थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि छह और सात फरवरी को गिरोह के चारों सदस्य आजमगढ़ आए थे। 6 फरवरी को बेलइसा सब्जी मंडी क्षेत्र और सात फरवरी को लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास दो महिलाओं से ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
ठगी के बाद आभूषण बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली गई थी। आरोपी के हिस्से में करीब 35 हजार रुपये आए थे, जिनमें से अधिकांश खर्च हो चुके हैं। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ के अलावा सोनभद्र जिले में भी धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।