Azamgarh News: साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, लिंक भेजकर खाते से रुपये उड़ाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। लिंक भेजकर खाते से रुपये उड़ाता था। पकड़े गए आरोपी के पास के 2.20 लाख नकद बरामद हुए हैं।
विस्तार
आजमगढ़ जिले की जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक मामले का खुलासा करते हुए एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड व साइबर फ्रॉड से प्राप्त दो लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि 14 फरवरी 2026 को नगर पंचायत जीयनपुर के बाजार खास निवासी मोहम्मद मुनौवर जीयनपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके इंडियन बैंक, शाखा जीयनपुर के खाते से 10 फरवरी को 98 हजार रुपये और 11 फरवरी को 99,999 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। इसकी सूचना उन्होंने बैंक को दी।
इसे भी पढ़ें; UP: वाराणसी कोर्ट के जज और वकीलों के चेंबर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी, दो दिन में दो बार जिला जज को आया मेल
मामले में जीयनपुर कोतवाली पर आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान आवेदक के मोबाइल फोन पर आए संदिग्ध लिंक और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि उक्त नंबर से अलग-अलग स्थानों पर धनराशि निकाली जा रही थी।
अंतिम निकासी एक पेट्रोल पंप से हुई, जहां पूछताछ के दौरान गोपाल गुप्ता का नाम प्रकाश में आया। सोमवार को पुलिस टीम ने शाहजहांपुर जनपद के अल्लागंज थाना क्षेत्र के पछौवा गांव निवासी आरोपी गोपाल गुप्ता को उच्च प्राथमिकी विद्यालय जीयनपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया आरोपी गोपाल गुप्ता वर्तमान समय में एटी जनपद के जैत्रा थाना क्षेत्र के दुमरी गांव में रहता था। उसके पास से एक एटीएम कार्ड, एक मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ एक सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए साइबर फ्रॉड करता था। ग्रुप में खाता संख्या और पिन नंबर साझा किए जाते थे, फिर खाताधारकों के मोबाइल नंबर पर फर्जी लिंक भेजकर धोखाधड़ी की जाती थी।