UP: 'छोटे स्तर के लोगों का जवाब देना उचित नहीं...', ओमप्रकाश पर शिवपाल का तंज; कहा- चुनाव में मिलेगा जवाब
Azamgarh News: रसोई गैस के बढ़ते दामों का मुद्दा उठाते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को हटाने के लिए संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सपा को सत्ता में लाना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। जनपद आगमन के दौरान उन्होंने सठियांव क्षेत्र में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करौली के आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी आजमगढ़ की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने 22 फरवरी को आजमगढ़ में आयोजित रैली में दावा किया था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए आजमगढ़ की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगा और समाजवादी पार्टी की स्थिति 2017 से भी खराब होगी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि छोटे स्तर के लोगों का जवाब देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आज ओमप्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी की वजह से ही विधायक हैं और आने वाले चुनाव में उन्हें इसका जवाब मिल जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी इतनी ही मजबूत है तो उन्हें सीधे प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हाल की घटनाएं इन दावों की पोल खोलती हैं।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि “सबका साथ, सबका विश्वास” का नारा देने वाली सरकार ने किसी को भी विश्वास में नहीं लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट चुके हैं। जीएसटी वसूली और बजट खर्च को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे को भी उन्होंने विफल बताया।
इस दौरान उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज मुकदमे के मामले में भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और उन्हें न्यायालय से राहत भी मिली है। न्याय उन्हें अदालत से ही मिलेगा। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी लोग उन्हें दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन वे राज्यसभा जाकर ही संतुष्ट हो गए।