सगड़ी। धनछुला जमीन हरखोरी स्थित मां कालिका मंदिर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के अजमतगढ़ मंडल की बैठक हुई। बैठक में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई। मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम सीखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से सरल ऐप, मन की बात कार्यक्रम, बैठक की ऑनलाइन उपस्थिति सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यों को आसानी से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने सशक्त मंडल निर्माण के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र पर तकनीकी सहयोगी नियुक्त करने तथा शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने पर जोर दिया।
मंडल प्रभारी विपिन राय ने कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज करते हुए ऑनलाइन प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस दौरान अलका मिश्रा (ब्लॉक प्रमुख, अजमतगढ़), महावीर सिंह, अमित राय, कृष्णकांत राय, जगजीवन राय, परितोष जायसवाल, राधेश्याम, अनुराग मिश्रा, अजय मिश्रा, मृत्युंजय गुप्ता आदि रहे।