अंबारी। फूलपुर तहसील क्षेत्र के संग्रामपुर में रविवार को शहीद नायब सूबेदार प्रेमशंकर यादव की प्रथम श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि नायब सूबेदार प्रेमशंकर यादव का देश सेवा और बलिदान सदैव युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। कहा कि वह भारतीय सेना की माउंटेन डिवीजन प्रोवोस्ट यूनिट में अरुणाचल प्रदेश के टेंगा क्षेत्र में तैनात थे। एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान सेना की टुकड़ी दुर्गम पहाड़ी रास्तों से सीमा क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी। अचानक लैंडस्लाइड की चपेट में आने से आगे चल रहे प्रेमशंकर यादव शहीद हो गए। श्रद्धांजलि सभा में शहीद के पिता दल सिंगार यादव ने भावुक होकर कहा कि उनका पुत्र बचपन से ही देश सेवा का सपना देखता था। देश की रक्षा करते हुए उसने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि प्रेमशंकर यादव की पहली पोस्टिंग वर्ष 2002 में जबलपुर में हुई थी। सभा में फूलपुर-पवई विधायक रमाकांत यादव के प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव, विधायक दीदारगंज कमलाकांत राजभर, डॉ. रंजना यादव, रामअचल यादव, बाली यादव, राजेश रंजन यादव, राजू यादव, अप्पू यादव, अभिमन्यु यादव आदि उपस्थित रहे।