Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्करों को लगी गोली, गिरफ्तार; दो आरोपी भागे
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में पुलिस मुठभेड़ हुई। इस दौरान पिकअप वाहन से गोवंश बरामद हुए। साथ ही पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के थाना सरायमीर क्षेत्र में सोमवार की रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली के जवाब में पुलिस की गोली से दो पशु तस्करों के पैर में गोली लगी। दोनों घायल तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार थाना सरायमीर पुलिस व्यक्ति, वाहन चेकिंग एवं रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम डेमरी मकदुमपुर में पूर्व में हुई गोकशी की घटना में संलिप्त शातिर तस्कर एक बार फिर पिकअप वाहन से गोवंश लादकर गोकशी की नीयत से दीदारगंज–सरायमीर मार्ग होते हुए गांव की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सरायमीर के नेतृत्व में पुलिस बल ने तत्काल घेराबंदी की। सिकरौर सहबरी के आगे संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार बदमाश पुलिस को देखकर अवरोधक तोड़ते हुए तेज गति से फरार हो गए। पीछा करने पर बदमाश पिकअप वाहन छोड़कर पैदल भागने लगे और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े, जबकि दो अन्य बदमाश अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भाग गए।
इसे भी पढ़ें; Ballia Accident: ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में तीन घायल, चालक की मौत; केबिन तोड़कर कड़ी मशक्कत से निकाला गया शव
घायल अभियुक्तों की पहचान रफीक उर्फ टोनी , निवासी डेमरी मकदुमपुर, थाना सरायमीर तथा राहुल यादव, निवासी गरावपुर, थाना दीदारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में घायलों ने फरार अभियुक्तों के नाम सलमान और मन्नान निवासी शेरवा, थाना सरायमीर बताए हैं। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर भेजा गया। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
मौके से पुलिस ने एक पिकअप वाहन, उस पर लदा एक प्रतिबंधित पशु, दो तमंचा .315 बोर, दो कारतूस .315 बोर, नकद धनराशि एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
