Varanasi News: प्रैंक रील बनाने के लिए बुर्का पहनकर निकले इंटरमीडिएट के दो छात्र, पुलिस ने पकड़ा; बाइक सीज
Varanasi News: मलदहिया चौराहे पर पुलिस ने बुर्का पहनकर बाइक से जा रहे दो इंटरमीडिएट छात्रों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने सोशल मीडिया के लिए प्रैंक रील बनाने की बात बताई। तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। परिजनों को बुलाकर काउंसिलिंग की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सोशल मीडिया पर प्रैंक रील बनाने के लिए बुर्का पहनकर निकले दो छात्रों को सिगरा पुलिस ने मलदहिया चौराहे के पास पकड़ लिया। दोनों एक बाइक पर सवार थे। पीछे बैठे युवक ने बुर्का और चश्मा पहन रखा था। संदिग्ध स्थिति में दोनों को रोकने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पूछताछ में दोनों के इंटरमीडिएट के छात्र होने और प्रैंक वीडियो बनाने के लिए इमलिया घाट की तरफ जाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, सिगरा पुलिस और इंटेलिजेंस टीम शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मलदहिया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यामाहा बाइक (UP 65 FF 0716) पर दो युवक आते दिखाई दिए। बाइक चला रहे युवक की पहचान शिवपुर निवासी आसाद अंसारी पुत्र नईम अंसारी के रूप में हुई। पीछे बैठे युवक की पहचान लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद लहानपुरा निवासी मिजान अहमद पुत्र मुमताज अहमद के रूप में हुई।
पीछे बैठे मिजान ने बुर्का और आंखों पर चश्मा लगा रखा था। उसकी वेशभूषा देखकर पुलिस को संदेह हुआ और दोनों को रोककर पूछताछ की गई। भीड़ जुटने के बाद पुलिस दोनों को सिगरा थाने ले गई। वहां एसीपी चेतगंज, स्थानीय पुलिस और इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारियों ने दोनों से पूछताछ की।
पूछताछ में छात्रों ने बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए प्रैंक रील और वीडियो शूट करने की योजना बनाकर निकले थे। इसी के तहत मिजान ने बुर्का पहना था। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, लेकिन उनके पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा नहीं मिला है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।
हालांकि, जांच के दौरान बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा मिला। इस पर पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया। दोनों छात्रों के परिजनों को थाने बुलाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के साथ काउंसिलिंग की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। युवाओं को भी रील बनाने के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने की हिदायत दी गई है।