Baghpat: प्रेम विवाह कर गांव लौटे युवक-युवती, पंचायत ने जताई आपत्ति, दोनों को गांव से बाहर भेजा
बागपत के झूंडपुर गांव में प्रेम विवाह करने के करीब चार महीने बाद लौटे युवक-युवती के गांव में रहने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। बुधवार को पंचायत में दोनों के गांव में रहने को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद उन्हें गांव से बाहर जाने को कहा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत के झूंडपुर गांव में प्रेम विवाह करने के करीब चार महीने बाद लौटे युवक-युवती के गांव में रहने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। बुधवार को पंचायत में दोनों के गांव में रहने को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद उन्हें गांव से बाहर जाने को कहा गया। पंचायत के बाद युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया। पुलिस के अनुसार, प्रेम विवाह को लेकर किसी को आपत्ति नहीं है और गांव में शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
चार महीने पहले घर से चले गए थे दोनों
झूंडपुर गांव निवासी जाट समाज के युवक का पड़ोस की हिंदू लुहार समाज की युवती से प्रेम प्रसंग था। ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह महीने पहले दोनों गांव से चले गए थे। ग्रामीणों के समझाने पर युवक युवती को घर वापस छोड़ गया था।
इसके बाद युवती की विधवा मां ने उसे रिश्तेदारी में रहने के लिए भेज दिया। हालांकि, दोनों के बीच बातचीत जारी रही। कुछ समय बाद युवक फिर युवती को उसकी रिश्तेदारी से लेकर चला गया और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद दोनों गांव से बाहर रहने लगे।
यह भी पढ़ें: UP: घर से बाइक पर घूमने निकले थे इसरार और अंकित, फिर नहीं लौटे, पुलिस ने गड्ढे से निकलवाए शव; गांव में शोक
दो सप्ताह से गांव में रह रहे थे दंपती
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब दो सप्ताह से दोनों दोबारा गांव में आकर रहने लगे थे। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों और युवती के परिजनों ने विरोध जताया। इसी मामले को लेकर बुधवार को गांव में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में युवक और युवती के परिवार के लोग भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने दोनों के गांव में रहने को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि इससे अन्य युवक-युवतियों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।
पंचायत ने गांव से बाहर जाने का निर्णय लिया
पंचायत में पंचों ने दोनों को गांव से बाहर भेजने का निर्णय लिया। युवक के परिजनों ने पांच दिन का समय मांगा, जबकि पंचायत की ओर से एक सप्ताह का समय दिया गया। हालांकि, पंचायत खत्म होते ही युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया।
पुलिस ने बताया- प्रेम विवाह पर किसी को आपत्ति नहीं
पंचायत की सूचना मिलने पर पुलिस ने टीम भेजकर मामले की जानकारी कराई। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि दोनों के प्रेम विवाह करने पर किसी को आपत्ति नहीं है। दोनों के गांव में आकर रहने को लेकर लोगों ने पंचायत की थी। उन्होंने कहा कि गांव में शांतिभंग जैसी कोई स्थिति नहीं है।