बड़ौत। झुंडपुर और असारा सहित आसपास के गांवों के लोगों की हिंडन और कृष्णा नदियों पर पुल न होने की समस्या अब जल्द ही दूर हो जाएगी। मंगलवार को रालोद विधायक अजय कुमार ने झुंडपुर-पांचली मार्ग पर हिंडन नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। इसके साथ ही असारा गांव में कृष्णा नदी पर बनने वाले पुल का भी भूमि पूजन किया गया। हिंडन नदी पर 26.10 करोड़ रुपये और कृष्णा नदी पर 10 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण होगा।
झुंडपुर गांव के मिंटू कुमार, मनोज, देवेंद्र, सुभाष आदि ने बताया कि हिंडन नदी पर पुल न होने की वजह से अब तक उन्हें एक खेत से दूसरे खेत तक जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और जोखिम दोनों बढ़ जाते थे। इन पुलों के निर्माण से आवागमन आसान हो जाएगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील के पत्थर साबित होंगे। इससे झुंडपुर, मिलाना, खपराना, तमेलागढ़ी, बोपारा, फौलादनगर और असारा समेत कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों की फसलें समय पर बाजार तक पहुंच सकेंगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। वहीं असारा गांव में 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पुल एवं मार्ग का भूमि पूजन भी किया गया। इस दौरान सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रितिक श्रीवास्तव, सहायक अभियंता योगेश कुमार, राहुल मलिक आदि उपस्थित रहे।