UP: सरकार की तिजोरी भरेगा दिल्ली-देहरादून ई-वे, एक साल में इतनी कमाई का अनुमान, जल्द शुरू होगी टोल वसूली
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जल्द टोल वसूली शुरू होने जा रही है। एनएचएआई ने टोल संचालन के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है और करोड़ों रुपये की कमाई का अनुमान लगाया गया है।
विस्तार
दिल्ली‑देहरादून एक्सप्रेसवे से केंद्र सरकार को पहले ही साल में करीब 408 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है। टोल वसूली शुरू करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अधिसूचना जारी कर दी है। प्रक्रिया पूरी होते ही इसी सप्ताह से टोल वसूली शुरू होने की संभावना है।
210 किमी लंबा एक्सप्रेसवे, 13 हजार करोड़ की लागत
दिल्ली के अक्षरधाम से देहरादून तक लगभग 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून तक वाहनों की आवाजाही तेज हो गई है और यात्रा समय भी काफी कम हो गया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ सेंट्रल मार्केट: महिलाओं का धरना आठवें दिन भी जारी, छह माह का बच्चा भी शामिल, सेटबैक के खिलाफ प्रदर्शन
पांच टोल प्लाजा बनाए गए
एक्सप्रेसवे पर कुल पांच टोल प्लाजा बनाए गए हैं। हालांकि अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर तक 18 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह टोल फ्री रहेगा। पहला टोल प्लाजा बागपत क्षेत्र में बनाया गया है, जबकि दूसरा टोल प्लाजा शामली के बुटराड़ा में स्थापित किया गया है।
यह भी पढ़ें: Baghpat: एशियन चैंपियन तान्या चौधरी खेत में काट रहीं फसल, आठ गोल्ड सहित 15 से ज्यादा मेडल, अब कॉमनवेल्थ पर नजर
अब तक फ्री में गुजर रहे वाहन
अब तक एक्सप्रेसवे पर टोल संचालन का ठेका नहीं छोड़ा गया था, जिसके कारण टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी वाहन बिना शुल्क दिए ही निकल रहे थे।
एनएचएआई ने टोल संचालन के लिए 408 करोड़ रुपये का नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसकी अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद कई ठेकेदारों ने टोल प्लाजा संचालन के लिए आवेदन कर दिए हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही टोल प्लाजा का ठेका दिया जाएगा और इसी सप्ताह से टोल वसूली शुरू होने की संभावना है।
