UP: दिल्ली-दून ई-वे खुलते ही रीलबाज चालू, थार में किए स्टंट, वीडियो पोस्ट होते ही कटा भारी चालान
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। महिंद्रा थार से स्टंट करते हुए रील बनाने वाले वाहन मालिक पर यातायात पुलिस ने 6 हजार रुपये का चालान काटा है।
इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को किया था। उद्घाटन के महज दो दिन बाद ही एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने से प्रशासन सतर्क हो गया।
यह भी पढ़ें: UP: सरकार की तिजोरी भरेगा दिल्ली-देहरादून ई-वे, एक साल में इतनी कमाई का अनुमान, जल्द शुरू होगी टोल वसूली
बृहस्पतिवार सुबह एक युवक ने इंस्टाग्राम पर स्टंट करते हुए वीडियो अपलोड किया। वीडियो में युवक खुद को मीतली गांव से देहरादून जाते हुए और एक घंटे में सहारनपुर पहुंचने की बात कहते दिखाई दे रहा है।
वीडियो में एक युवक कार की खिड़की से लटककर शूटिंग करता नजर आया, जबकि दो अन्य युवक गाड़ी के अंदर बैठे थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
फरीदाबाद निवासी वाहन मालिक पर कार्रवाई
यातायात निरीक्षक सतेंद्र सिंह के अनुसार, यह गाड़ी कुलदीप निवासी भूपनी, जिला फरीदाबाद के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन मालिक के खिलाफ 6 हजार रुपये का चालान जारी किया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें, क्योंकि इससे न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
एक्सप्रेसवे पर कई वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित
प्रशासन के अनुसार इस एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के लिहाज से बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो जैसे वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।इन नियमों का उद्देश्य तेज रफ्तार यातायात के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क पर अनुशासन बनाए रखना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी या यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X