बागपत : हिस्ट्रीशीटर अनुज बरखा की 60 लाख की संपत्ति कुर्क, पुलिस टीम से उलझीं परिवार की महिलाएं, हुई नोकझोंक
डीएम राजकमल यादव के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम दुर्गेश मिश्र व सीओ आलोक कुमार के संयुक्त नेतृत्व मेें कोतवाली पुलिस वाजिदपुर गांव पहुंची और हिस्ट्रीशीटर बदमाश अनुज बरखा के तीन मकानों को सील कर दिया। तीनों मकानों का सामान भी पुलिस ने सील कर दिया।
इस दौरान पुलिस टीम की अनुज बरखा के परिवार की महिलाओं के साथ नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती करते हुए महिलाओं को वहां से हटाया और कुर्की की कार्रवाई की। सीओ आलोक कुमार ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अनुज बरखा की करीब 60 लाख की संपत्ति कुर्क की गई है।
यह संपत्ति की गई कुर्क
- 350 वर्ग मीटर में बना दो मंजिला मकान, जिसकी कीमत लगभग 25.59 लाख
- 152 वर्ग मीटर में निर्मित दो मंजिला मकान, जिसकी कीमत 27.5 लाख
- 86.80 वर्ग मीटर में निर्मित मकान, जिसकी कीमत 7.72 लाख
ये है अनुज बरखा का आपराधिक रिकाॅर्ड
सीओ आलोक कुमार ने बताया कि बताया कि अनुज बरखा जनपद मेरठ के पंजीकृत योगेश भदौड़ा गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैगस्टर, रंगदारी आदि के करीब 30 अभियोग पंजीकृत है। वर्तमान में वह बागपत जेल में बंद है।