UP: सोते हुए पति पर डाला पेट्रोल, पत्नी व प्रेमी ने जिंदा जलाने का किया प्रयास, जिंदगी मौत से जंग लड़ रहा युवक
बागपत के बिजवाड़ा गांव में पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर सोते हुए पति को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक का मेरठ में उपचार चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद में बिनौली क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक को कथित रूप से उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक का मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: ध्वस्तीकरण से बढ़ी बेचैनी: व्यापारी खुद तोड़ रहे निर्माण, गलियों में भी दुकानें बंद, महिलाओं ने पढ़ा सुंदरकांड
सोते हुए युवक पर पेट्रोल डालने का आरोप
बिजवाड़ा गांव निवासी सतबीर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार रात उनका बेटा राजीव अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नीशू ने कथित रूप से अपने पड़ोसी विक्रांत को घर बुलाया।
आरोप है कि दोनों ने मिलकर सो रहे राजीव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही राजीव शोर मचाता हुआ घर से बाहर भागा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी युवक छत के रास्ते फरार हो गया।
मुंह छोड़कर पूरा शरीर झुलसा
आग की चपेट में आने से राजीव का शरीर बुरी तरह झुलस गया। परिजनों और पुलिस की मदद से उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि घायल राजीव ने भी अपने बयान में पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर आग लगाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम प्रसंग को लेकर होता था विवाद
परिजनों का आरोप है कि राजीव की पत्नी का पड़ोस में रहने वाले युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। राजीव कई बार इस संबंध का विरोध कर चुका था। परिवार के अनुसार वर्ष 2014 में राजीव और नीशू का विवाह हुआ था। दोनों के तीन बच्चे हैं। लंबे समय तक परिवार सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद बढ़ता गया।