बहराइच। दबंगों की ओर से झोपड़ी उजाड़ने व पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। नानपारा के मोती सिंह पुरवा दाखिली बंजरिया गांव की महिला सुमित्रा देवी के मुताबिक, वह एक भूखंड पर झोपड़ी बनाकर रह रही थी। दबंगों ने भूखंड को अपना बताते हुए उनकी झोपड़ी उजाड़कर उन्हें बेघर कर दिया। मामले में पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की, लेकिन न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया न कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में कई दिनों तक धरना दिया तो जिलाधिकारी ने गत दो फरवरी को पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए लिखा, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। विगत शनिवार को जब वह परिवार के साथ समाधान दिवस में शिकायत करने जा रही थीं तो नानपारा कोतवाली के दीवान ने उसका कागज छीन लिया और पूरे परिवार को किसी दूसरे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इससे आहत पीड़िता ने आगामी 12 मई को मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना स्थल पर परिवार समेत आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। मामले में कोतवाली प्रभारी नानपारा राजनाथ सिंह का कहना है कि प्रकरण कोर्ट में लंबित है, ऐसे में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है। उन्होंने पुलिस पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।