Ballia News: मारपीट के आरोपी को कब्जे में लेने के लिए भीड़ ने पुलिस टीम पर किया हमला, ईंट-पत्थर बरसाए; कई घायल
बलिया जिले में आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर सीओ सदर राकेश सिंह, चितबड़ागांव, फेफना, गड़वार व रसड़ा थाने की पुलिस फोर्स मौजूद रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्या है पूरा मामला
थाना क्षेत्र के नगपुरा निवासी नीतिश सिंह व धर्मेंद्र राम के बीच किसी बात पर विवाद और मारपीट हुई थी। दोपहर में नीतिश सिंह और धर्मेंद्र राम नागपुर चौकी पर गए थे। वहां चौकी इंचार्ज नागपुर ने समझा बुझाकर धर्मेंद्र को उसके घर छोड़ने के लिए नीतिश सिंह से कहा।
नीतिश सिंह जब धर्मेंद्र को उसके घर छोड़ने गए, उस दौरान धर्मेंद्र की बस्ती की महिला-पुरुष जुट गए। इन लोगों ने नीतिश को गाली देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस पहुंची और नीतिश को वाहन में बैठाकर ले जाने लगी। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने पीआरवी वाहन को घेर लिया और नीतिश सिंह को उनके हवाले करने की मांग करने लगे।
पीआरवी ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। आधे घंटे में गांव में चितबड़ागांव, रसड़ा, फेफना व गड़वार पुलिस पहुंची। फोर्स के पहुंचने पर पीआरवी नीतिश को लेकर वहां से निकल गई। इससे आक्रोशित महिला-पुरुषों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें चितबड़ागांव थानाध्यक्ष का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। रसड़ा कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, कांस्टेबल हिमांशु सोनकर चोटिल हो गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर किया। इसको लेकर दो घंटे तक गहमागहमी बनी रही। क्षेत्राधिकारी राकेश सिंह आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत किया।
गलत सूचना पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की। इसमें तीन पुलिसकर्मियों को चोट आई है। पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स मुस्तैद है। -राकेश सिंह, सीओ सदर
ग्रामीण बोले- धर्मेंद्र तीन-चार दिन से कर रहा था गाली गलौज
ग्रामीणों के अनुसार, किसी बात को लेकर तीन-चार दिन से शराब के नशे में धर्मेंद्र राम, नीतिश सिंह के दरवाजे पर जाकर गाली गलौज करता था। मंगलवार की सुबह भी धर्मेंद्र, नीतिश सिंह के परिजनों के लिए अभ्रद भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। परिजनों ने नीतिश को फोन कर इसकी जानकारी दी तो वह घर पहुंचे और धर्मेंद्र को लेकर पुलिस चौकी चले गए। वहां चौकी प्रभारी ने धर्मेंद्र को डांट लगाई। आगे से गलती न करने का आश्वासन देने और माफी मांगने पर कार्रवाई नहीं की।