UP Politics: 'सपा का मतलब...परिवार डेवलपमेंट पार्टी', ओमप्रकाश राजभर ने किया तंज; युवाओं से खास आह्वान
Ballia News: बलिया में आयोजित समीक्षा बैठक के दाैरान पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सियासी तंज भी किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी सिर्फ हंगामा करना जानते हैं, धरातल पर उनका कुछ खास बचा नहीं है।
विस्तार
UP Politics: पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट है, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और बनारस में जिला पंचायत अध्यक्ष बनाना। इसके लिए अभी से पूरी ताकत के साथ काम में जुटना होगा।
शुक्रवार को स्थानीय मैरिज हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में राजभर ने कहा कि बलिया में कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा 14 जिला पंचायत सदस्यों के रूप में सामने आया, जबकि गाजीपुर में अपेक्षित मेहनत न होने से सफलता कम मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता दें। 18 व 21 वर्ष से ऊपर के सभी पात्र लोगों के नाम जुड़वाएं, मृतक या बाहर रह रहे मतदाताओं के नाम हटवाएं और कोई नाम छूटा हो तो तत्काल शामिल कराएं।
उन्होंने कहा कि समाज आज सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है, यह वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। पार्टी को मजबूत करने से ही समाज अपने पैरों पर खड़ा होगा। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बलराम राजभर, मंडल प्रभारी पातीराम राजभर, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ईडी-सीबीआई स्वतंत्र, सपा सिर्फ परिवार डेवलपमेंट पार्टी: ओम प्रकाश
जहूराबाद कार्यकर्ता समीक्षा बैठक में पहुंचे पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश का जिक्र अपने आप में सच्चाई है और देश में ऐसे लोग मौजूद हैं जो पाकिस्तान और बांग्लादेश का समर्थन करते हैं।
पश्चिम बंगाल में ईडी की कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के फाइल लेकर गायब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ईडी और सीबीआई स्वतंत्र एजेंसियां हैं, वे अपना काम कर रही हैं। विपक्षी दल बेवजह सरकार पर आरोप लगाते हैं, जबकि वहां की सरकार जांच एजेंसियों का सहयोग नहीं कर रही है।
पीडीए पर किया तंज
पीडीए पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि इसकी फुल फॉर्म परिवार डेवलपमेंट पार्टी है, जिसके पास केवल पांच सांसद हैं और वे भी एक ही परिवार के हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए में योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, जयंत चौधरी सहित अनेक प्रभावशाली नेता हैं, जबकि पीडीए एम-वाई समीकरण से आगे नहीं बढ़ पाई है। अखिलेश यादव के चुनाव आयोग संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अब उनके पास यही बोलने को बचा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार पूरी तरह अलर्ट है और मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। आरक्षण के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत 27 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू है और उसी के अनुरूप आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
कासिमाबाद को मिलेगा फायर स्टेशन
बैठक में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि कासिमाबाद तहसील में लंबे समय से प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिए सिधउत में जमीन मिल गई है। शासन से 12.47 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से कासिमाबाद, मरदह, बरेसर और करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।