बलरामपुर। जिले में मौसम का मिजाज बुधवार को दिनभर बदलता रहा। सुबह आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन जैसे ही धूप निकली, गर्मी और उमस का असर फिर से बढ़ गया। बादल और धूप के बीच आंखमिचौली चलती रही, जिससे लोग परेशान रहे।
मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी साफ देखने को मिला। जिला मेमोरियल अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से ज्यादा मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त और थकान की शिकायत लेकर पहुंचे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल और मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खानपान का विशेष ध्यान रखें। जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कहाकि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।