पिपरहवा चौराहा। पिपरहवा-नंदमहरा मार्ग पर बनकटवा कला गांव के पास सोमवार रात राप्ती माइनर का पानी सड़क किनारे पहुंचने से मिट्टी खिसक गई। इससे सड़क के किनारे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी चंद्रभान सिंह, सोनू, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह, अशोक कुमार सिंह और समर बहादुर ने बताया कि भारी वाहनों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो सकता है। इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और नैकिनिया, बनकटवा, नंदमहरा, भंगहा कला, बेली खुर्द समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से इन गांवों का संपर्क टूटने की आशंका गहरा गई है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राकेश कुमार मल्ल ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर कर्मियों को भेज कर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है।