बरेली: अमौर मेले में दरोगा और कमेटी अध्यक्ष के बीच मारपीट, गुस्साए लोगों ने थाने का किया घेराव
शाही के अमौर मेला में रविवार रात एक दरोगा और मेला समिति अध्यक्ष के बीच मारपीट हुई। यह घटना महिला डांसरों को नाचने के दबाव बनाने पर हुई। दरोगा ने समिति अध्यक्ष को थप्पड़ मारा, जवाब में अध्यक्ष ने भी थप्पड़ जड़ दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया।
विस्तार
बरेली के शाही थाना क्षेत्र के अमौर मेला में रविवार रात एक दरोगा और मेला कमेटी अध्यक्ष के बीच मारपीट हो गई। यह घटना महिला डांसरों को नाचने के लिए दबाव बनाने के कारण हुई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया और सड़क पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, मेला कमेटी के लोग लगातार पुलिस पर महिला डांसरों को नाचने के लिए दबाव बना रहे थे। इसी के चलते दरोगा ने मेला कमेटी अध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया। जवाब में कमेटी अध्यक्ष ने भी दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि दरोगा ड्यूटी पर नशे की हालत में था।
इस घटना से गुस्साए ग्रामीण सोमवार सुबह 5:30 बजे थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद लोगों ने शाही के मुख्य बस अड्डे तिराहे पर एक तिरछी ट्रॉली लगाकर रास्ता जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एक घंटे तक चले जाम के कारण लोगों को परेशानी हुई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। कुछ ही देर बाद जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों के पक्ष में अपनी बात रखी। ममता गंगवार ने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया।