अमर ज्योति प्रकरण: बरेली में आरोपी तीनों भाइयों के घरों पर नोटिस चस्पा, 200 करोड़ की ठगी का है आरोप
बदायूं कोतवाली पुलिस ने बरेली में 200 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपी तीन भाइयों के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किए हैं। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से मुनादी कराकर आरोपियों को न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं जिले के चर्चित 200 करोड़ रुपये के अमर ज्योति निवेश घोटाले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे बरेली निवासी शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू कर दी गई। शनिवार को बदायूं कोतवाली पुलिस ने बरेली पहुंचकर आरोपियों के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किए और सार्वजनिक रूप से मुनादी कराकर उन्हें न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी।
यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद घोटाले में फंसे निवेशकों के बीच एक बार फिर उम्मीद जगी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई के जरिए उनकी जमा पूंजी वापस मिलने का रास्ता खुल सकता है।
निवेश के नाम पर हड़पी रकम
जानकारी के अनुसार बदायूं के मोहल्ला कमंग्रान निवासी अशद अहमद खान समेत अन्य पीड़ितों द्वारा कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई थी। जिसमें बताया था कि अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी ने लोगों को निवेश पर मोटा मुनाफा देने का लालच देकर बड़ी संख्या में खाते खुलवाए। आरोप है कि कंपनी ने कई लोगों के नाम से फर्जी खाते तैयार किए, जाली पासबुक और दस्तावेज बनाए तथा जमा की गई रकम का गबन कर लिया।
मामले की जांच के बाद कोतवाली थाना में अलग-अलग धाराओं में कई मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले की परतें खुलती चली गईं। बताया जा रहा है कि जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों के भी बड़ी संख्या में लोगों की मेहनत की कमाई इस कंपनी में फंस गई थी। कई लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी कंपनी में निवेश कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक मामले में कंपनी के निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य पुत्र नारायण सिंह निवासी राधिका कुंज कॉलोनी, कटरा चांद खां, थाना बारादरी जनपद बरेली को नामजद किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।
तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित
जांच एजेंसियों और पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश देने के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बावजूद इसके आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं।
कोर्ट ने जारी की उद्घोषणा, घरों पर चस्पा हुए नोटिस
शहर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के लगातार फरार रहने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं की अदालत से उद्घोषणा जारी कराई गई। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली के अपराध निरीक्षक ने थाना बारादरी पुलिस और गवाहों की मौजूदगी में बरेली पहुंचकर आरोपियों के घरों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान आसपास के इलाके में मुनादी भी कराई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर आरोपी कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।