Railway News: स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली शुरू, मुरादाबाद-दिल्ली रेलखंड में बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार
उत्तर रेलवे ने स्वचालित खंड संकेतन प्रणाली शुरू की है। यह मुरादाबाद मंडल के खंडों में लागू हुई है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी घटेगी। आवाजाही सुरक्षित और तेज होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली-दिल्ली रेलखंड में अब मुरादाबाद-दिल्ली के बीच ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार नहीं होंगी। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के हापुड़-बाबूगढ़, पिलखुआ-हापुड़ और बाबूगढ़-कूचेसर खंडों में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) सिस्टम ने काम शुरू कर दिया है। नई व्यवस्था से ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित, तेज और समयबद्ध होगी। सीधा फायदा बरेली होकर दिल्ली जाने-आने वाली ट्रेनों को होगा।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि पिलखुआ से कूचेसर के बीच 24.73 किमी रेलखंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) सिस्टम सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। इसके साथ ही पांच रेलवे फाटकों को इंटरलॉक कर रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाया गया है। पिलखुआ-हापुड़ के बीच 11.3 किमी, हापुड़-बाबूगढ़ के बीच 7.7 किमी और बाबूगढ़-कूचेसर के बीच 5.73 किमी सेक्शन में स्वचालित प्रणाली ने काम शुरू कर दिया है।
पिलखुआ-हापुड़ सेक्शन के एलसी-80, 79 और 76 व हापुड़-बाबूगढ़ सेक्शन के एलसी-69 और 68 रेलवे क्रॉसिंग को इंटरलॉक किया है। नौ क्रॉसिंग पर अप्रोच लॉकिंग और वॉर्निंग सिस्टम लगाया गया है। नई प्रणाली में ऑटोमेटिक सिग्नल ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी का निर्धारण स्वयं करेंगे। मानवीय त्रुटि की संभावना कम होगी।
जुलाई-अगस्त में रद्द रहेंगी छह ट्रेनें
उत्तर रेलवे ने बरेली जंक्शन यार्ड में रखरखाव के कारण जुलाई और अगस्त में छह ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इससे मुंबई, इंदौर और दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा होगी।
जंक्शन के यार्ड में पुरानी वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 के अनुरक्षण का काम प्रस्तावित है। इसके चलते 14314 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 11, 18, 25 जुलाई और एक अगस्त को रद्द रहेगी। 14313 लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस 13, 20, 27 जुलाई और तीन अगस्त को नहीं चलेगी।
14320 बरेली-इंदौर जंक्शन एक्सप्रेस आठ, 15, 22 और 29 जुलाई को रद्द की गई है। 14319 इंदौर जंक्शन-बरेली एक्सप्रेस नौ, 16, 23, 30 जुलाई को निरस्त रहेगी। 54075 बरेली-दिल्ली जंक्शन और 54076 दिल्ली जंक्शन-बरेली ट्रेन पांच जुलाई से तीन अगस्त तक निरस्त की गई है।