UP: बरेली के इंजीनियर ने प्रेम प्रसंग में जहर खाकर दी जान, तीन दिन से पीलीभीत के होटल में रुका था
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले इंजीनियर ने आत्महत्या कर ली। वह पीलीभीत के एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां उसने जहर खा लिया। इसके बाद अपने परिचित को फोन पर सूचना दी। परिचित ने होटल कर्मियों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
विस्तार
पीलीभीत के छतरी चौराहे के समीप स्थित होटल में तीन दिन से रुके बरेली के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव योसलपुर निवासी 27 वर्षीय इंजीनियर दीपांशु ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर होटल कर्मचारियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
जानकारी के मुताबिक दीपांशु पिछले तीन दिन से पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के छतरी चौराहा स्थित कुमार होटल में रुका हुआ था। बुधवार रात दीपांशु ने होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसने जहरीला पदार्थ खाकर शहर के बल्लभनगर कॉलोनी निवासी अपने एक परिचित को कॉल कर जहर खा लेने की जानकारी दी। इसके बाद वह परिचित होटल पहुंचे और होटल कर्मचारियों को जानकारी दी। तब जाकर युवक को आनन फानन कमरे से निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीलीभीत की युवती से चल रहा था प्रेम प्रसंग
थाना सुनगढ़ी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सूचना पर दीपांशु के परिजन भी आ गए। मृतक के पिता ने बताया कि दीपांशु ने इंजीनीयरिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद उसकी एक सरकारी कंपनी में नौकरी भी लग गई थी लेकिन उसने ज्वॉइन नहीं किया था। यह भी बताया कि दीपांशु का पीलीभीत की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया है। जांच में प्रेम प्रसंग के चलते जहर खाने की बात प्रकाश में आई है।