Bareilly News: धर्मस्थलों की आड़ में बनाईं दुकानें, अब खुद तोड़ रहे दुकानदार; नगर निगम ने जारी किया है नोटिस
बरेली में नगर निगम के नोटिस के बाद दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया है। दुकानों का कुछ हिस्सा अतिक्रमण की जद में आ रहा है। नगर निगम ने इसे चिह्नित कर दुकानदारों को नोटिस दिए हैं।
विस्तार
बरेली के कोहाड़ापीर में कब्रिस्तान की बाउंड्री के बाहर वक्फ संपत्ति के नाम पर अतिक्रमण कर बनाई गईं दुकानों को दुकानदारों ने खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया है। दुकानदार निगम की ओर से लगाए गए निशान के अनुसार अतिक्रमण को हटा रहे हैं। धर्मकांटे से पहले एक ओर मस्जिद व दूसरी ओर मंदिर हैं। दोनों धर्मस्थलों की आड़ में दुकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। वर्षों से यहां दुकानदार काम कर रहे हैं, लेकिन निगम ने कभी उनकी सुध नहीं ली। अब सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे काम के समय नोटिस देकर अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा गया है।
सीएम ग्रिड योजना के दौरान कोहाड़ापीर से लेकर धर्मकांटे व नैनीताल सड़क पर चौड़ीकरण का काम होना है। इसके लिए पहले 800 से दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया था, अंतिम नोटिस के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया तो कुछ दुकानों को निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया था।
वक्फ संपत्ति के नाम पर 80 दुकानें बन गईं
जब निगम के नपाई करने वाली टीम ने जांच की पता चला कि वक्फ संपत्ति के नाम पर करीब 80 दुकान का निर्माण कर लिया गया और वर्षों से दुकानदार वहां अपना कारोबार कर रहे हैं। अब निगम ने नपाई कराई तो पता चला कि दुकानें अवैध रूप से बनाई गई हैं, जिस पर दुकानदारों नोटिस जारी करके उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। वहीं नैनीताल रोड पर भी दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं और एक सप्ताह का समय दिया गया है।
योजना के दौरान याद आती है निगम को अपनी संपत्तियां
नगर निगम की शहर के तमाम जगह संपत्तियां हैं। सड़क किनारे तमाम जगह अतिक्रमण है, लेकिन नगर निगम को अपनी संपत्तियों का ध्यान तभी आता है जब कोई सरकारी योजना आती है। कोहाड़ापीर पर भी यहीं स्थिति है। निगम में जिस मानचित्र के आधार पर नपाई की है वह कई दशकों पुराना है, तब वहां खुली जगह हुआ करती थी, लेकिन अब पूरी सड़क अतिक्रमण की जद में आ गई है।